जिम्बाब्वे को इंडिया में अनुभव की कमी की फिक्र नहीं: सिकंदर रजा बोले- हम जीतेंगे या नहीं, हमारी जिम्बाब्वे टीम दम पूरा लगाएगी
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा है कि उनकी टीम को भारत में टी20 मैचों का अनुभव कम होने की वजह से कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी टीम में वह ताकत और आत्मविश्वास है, जिससे वे ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
ये कोई बहाना नहीं हो सकता
मीडिया से बातचीत में रजा ने कहा- हालिया वक्त में जिम्बाब्वे ने भारत में कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है, लेकिन कोई बहाना नहीं होगा। कंडिशन से अनजान होना टीम की कोशिशों में रुकावट नहीं बनेगा।
जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीमों को हराकर सबको चौंका दिया था। अब उन्हें सुपर 8 में भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज जैसी मजबूत टीमों का सामना करना है।
रजा ने कहा- चाहे रिजल्ट जो भी रहे, इसका कारण यह नहीं होगा कि हम परिस्थितियों के मुताबिक खुद को नहीं ढाल पाए। ये बहाना नहीं हो सकता।
मेंटली स्ट्रॉन्ग होना जरुरी
जिम्बाब्वे का सुपर 8 का पहला मैच वानखेड़े स्टेडियम में है। रजा का मानना है कि तैयारी और माइंडसेट इतिहास से ज्यादा मायने रखती है। उन्होंने कहा- कितने लोगों ने जिम्बाब्वे को सेमीफाइनल में पहुंचते देखा है? शायद एक या दो। शायद हम अभी तक इतना नहीं कर पाए हैं, लेकिन यही चीजें हमें मोटिवेट करती हैं। मैं नहीं जानता कि हम जीत पाएंगे या नहीं, लेकिन एक बात मैं पक्के तौर पर कह सकता हूं कि जिम्बाब्वे की टीम पूरी कोशिश करेगी।
रजा ने आगे कहा- टीम का आत्मविश्वास हर जीत के साथ बढ़ रहा है। पहले मैच के बाद ही मैं देख सकता था कि भरोसा बढ़ा है। हर जीत के साथ यह और भी बेहतर हुआ। जीत हमें उठाती है। जीतने का जज्बा पैदा हुआ है।
रजा ने आगे कहा- जिम्बाब्वे केवल पार्ट लेने नहीं, बल्कि मुकाबला करने के लिए आई है। हमारी टीम जोश के साथ खेलेगी। जिम्बाब्वे ने अपने सीमित अनुभव के बावजूद, ग्रुप स्टेज में सबको हैरान कर दिया और अब सुपर 8 में भी किसी से कम नहीं दिखना चाहते।


