चहल फ्लाइट में ई-सिगरेट पीते दिखे: वीडियो और स्क्रीनशॉट वायरल; ई-सिगरेट पीने के चलते रियान पराग पर फाइन लग चुका
Published:
2 min read

भारत में ई-सिगरेट बैन है। 2019 के कानून के मुताबिक ई-सिगरेट का इस्तेमाल और बिक्री पर बैन है।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL टीम पंजाब किंग्स (PBKS) के स्पिनर युजवेंद्र चहल विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि चहल फ्लाइट के अंदर ई-सिगरेट (Vape) पीते दिख रहे हैं। हालांकि, अभी तक इस वीडियो की सच्चाई पता नहीं चली है और न ही खिलाड़ी या टीम की तरफ से कोई बयान सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पंजाब टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिह ने फ्लाइट में एक व्लॉग बनाया था, जिसका वीडियो भी शेयर किया। दावा किया गया कि इसी वीडियो में चहल ई-सिगरेट पीते दिखे हैं। इसकी कुछ एडिटेड क्लिप और स्क्रीनशॉट भी शेयर किया जा रहा है। दावा है कि पंजाब की टीम अहमदाबाद से हैदराबाद जा रही थी, उसी दौरान चहल ई-सिगरेट पीते दिखे।
सोशल मीडिया यूजर्स ने यह भी दावा किया कि बाद में व्लॉग का ओरिजिनल वीडियो एडिट कर दिया गया और चहल वाले हिस्से को हटा दिया गया। इसके बाद यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों के बीच बहस शुरू हो गई।
पहले भी हो चुका है ई-सिगरेट विवाद
IPL 2026 सीजन में इससे पहले भी ई-सिगरेट को लेकर विवाद हो चुका है। राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग को ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते देखा गया था। इसके बाद उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना भी लगा था।

2019 से बैन है
भारत में ई-सिगरेट पहले से ही बैन है। 2019 के कानून के मुताबिक ई-सिगरेट का इस्तेमाल और बिक्री पर बैन है।

