शराब छोड़े 6 महीने हो गए: चहल बोले- अब सिर्फ क्रिकेट पर फोकस, पिछले सीजन में फुली फिट नहीं था
Published:
2 min read

चहल ने अब तक 172 IPL मैच खेले हैं। इनमें 221 विकेट लिए हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. युजवेंद्र चहल ने IPL 2026 से पहले जिंदगी में बदलाव किया है। चहल के मुताबिक- मैंने 6 महीने से शराब छोड़ दी है। अब मैं फिटनेस और क्रिकेट पर पूरा फोकस कर रहा हूं।
6 महीने से शराब से दूर
चहल ने एबी डी विलियर्स के यूट्यूब चैनल पर कहा- मुझे शराब छोड़े हुए 6 महीने से ज्यादा हो गए हैं। अब मैं 35 साल का हो गया हूं। इसलिए शरीर का ज्यादा ध्यान रखना चाहता हूं। टीम के लिए 150% देना चाहता हूं। चहल ने बताया कि IPL 2025 फाइनल में पंजाब किंग्स इलेवन को को मार्को जेनसन की कमी बहुत खली। उनका कहना था कि अगर जेनसन उस मैच में खेलते तो टीम जीत सकती थी।

पिछले सीजन में पूरी तरह फिट नहीं था
चहल ने आगे कहा- मैं पिछले सीजन में पूरी तरह फिट नहीं था। एक मैच के बाद मेरी पसली और फिर उंगली में चोट लग गई थी। इसके कारण सेमीफाइनल और फाइनल में ठीक से बॉलिंग नहीं कर पाया। मैं अपने प्रदर्शन से थोड़ा निराश था। इसलिए इस बार मैं पहले अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहा हूं।
चहल को डेंगू और चिकनगुनिया भी हुआ था। इसकी वजह से वह नवंबर 2025 के बाद मैदान से बाहर हो गए थे।

फाइनल में 6 रन से हार मिली
IPL 2025 सीजन में चहल पंजाब किंग्स की तरफ से खेले थे। टीम फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि खिताब जीतने से चूक गई। फाइनल मुकाबले में RCB ने पंजाब को 6 रन से हरा दिया था।

चहल का IPL रिकॉर्ड
चहल IPL के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 172 मैचों में 221 विकेट लिए हैं।

