युवी के 3 शिष्य आमने-सामने: अभिषेक पर भारी पड़े प्रियांश और प्रभसिमरन, देखिए कौन क्या कर गया
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शनिवार (11 अप्रैल) का दिन पूर्व वर्ल्ड चैम्पियन युवराज सिंह के लिए बेहद खास रहा। उनके तीन शिष्य आमने-सामने आए, जिनके बीच रोमांचक जंग देखने को मिली। यह तीनों शिष्य अभिषेक शर्मा, प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह रहे।
दरअसल, शनिवार को सीजन का 17वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया। इस मैच को पंजाब टीम ने 6 विकेट से जीत लिया।
अभिषेक की 18 बॉल पर फिफ्टी
इस मैच में सबसे पहले हैदराबाद टीम ने बैटिंग की। इसमें ओपनर अभिषेक शर्मा ने 18 बॉल पर फिफ्टी लगाई। उन्होंने 28 बॉल पर 74 रनों की पारी खेली। इस दौरान 8 छक्के और 5 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 264.28 का रहा।
इसके बदौलत हैदराबाद टीम ने पावरप्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में बगैर विकेट गंवाए 105 रन बना दिए थे। यहां से लग रहा था कि यह टीम 20 ओवर में 300 से ज्यादा का स्कोर बना सकती है, लेकिन पंजाब टीम ने वापसी की और हैदराबाद को 219 रन पर रोका।

प्रियांश और प्रभसिमरन भारी पड़े
220 रन का टारगेट काफी बड़ा लग रहा था, लेकिन प्रियांश और प्रभसिमरन ने ओपनिंग में मोर्चा संभाला और पूरी बाजी ही पलट दी। यह दोनों प्लेयर भी युवराज के शिष्य हैं और अभिषेक से किसी भी बात में कम नहीं हैं। दोनों ने अपना बल्ला चलाना शुरू किया और पावरप्ले में बगैर विकेट के 93 रन बना दिए थे।
- प्रियांश - इस प्लेयर ने 16 बॉल पर फिफ्टी लगाई। प्रियांश ने 20 बॉल पर 57 रन बनाए। उन्होंने 5 छक्के और 5 ही चौके लगाए। स्ट्राइक रेट 285 का रहा।
- प्रभसिमरन - इस ओपनर ने 24 बॉल पर फिफ्टी लगाई। हालांकि प्रभसिमरन थोड़े अनलकी रहे और फिफ्टी लगाते ही अगली बॉल पर आउट हुए। उन्होंने 25 बॉल पर 51 रन बनाए। उन्होंने 4 छक्के और 4 ही चौके लगाए। स्ट्राइक रेट 204 का रहा।
पंजाब टीम ने 6 विकेट से मैच जीता
आखिर में कप्तान श्रेयस अय्यर ने 33 बॉल पर 69 रन की नाबाद पारी खेली। इसमें 5 छक्के और 5 ही चौके लगाए। इसके बदौलत पंजाब टीम ने 4 विकेट गंवाकर 18.5 ओवर में 223 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। पंजाब टीम ने 10वीं बार 200 या उससे ज्यादा का टारगेट चेज किया। ऐसा करने वाली यह पहली टीम है।

