युवराज–सहवाग की दौलत पर मोहम्मद कैफ का मजाक: बोले- कंधे से टकराए तो 5-6 करोड़ गिर जाएं
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट के सुनहरे दौर के तीन बड़े नाम युवराज सिंह, वीरेंद्र सहवाग और मोहम्मद कैफ जब भी एक साथ आते हैं, तो सिर्फ पुरानी यादें ही नहीं, बल्कि मजेदार बातें और हंसी-मजाक भी साथ लेकर आते हैं। 2002 के नेटवेस्ट फाइनल के हीरो रहे ये खिलाड़ी आज भी अपनी दोस्ती और नोक-झोंक के लिए मशहूर हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स के शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो के एक आने वाले एपिसोड के टीजर में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां मोहम्मद कैफ ने अपने पुराने साथियों की दौलत को लेकर मजाकिया तंज कस दिया।
5-6 करोड़ तो ऐसे ही जेब से गिर जाएं
मोहम्मद कैफ ने हंसते-हंसते कहा- अगर युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग आपस में कंधे से टकरा जाएं, तो उनके पास से 5-6 करोड़ रुपए वैसे ही गिर जाएंगे। वह अपने इन दोनों साथियों के मुकाबले काफी गरीब हैं। कैफ का यह बयान पूरी तरह मजाक में था। इसने दर्शकों को खूब हंसाया।
दरअसल, युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग ने अपने क्रिकेट कॅरियर में न सिर्फ नाम कमाया, बल्कि खूब पैसा भी कमाया। IPL की शुरुआत 2008 में हुई, जिसके बाद इन खिलाड़ियों की कमाई में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। साथ ही BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी उन्हें अच्छी रकम मिली। युवराज और सहवाग दोनों ही टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे, जिससे उनकी और कमाई और बढ़ी।

शो के दौरान मजाक यहीं नहीं रुका। युवराज सिंह ने भी पलटकर कैफ से मजाक में कहा- कैफ के जूतों की ओर इशारा करते हुए पूछा- कौन से जूते पहने हैं? इस पर कैफ ने तुरंत जवाब दिया – गुच्ची। यह सुनकर सब हंस पड़े और माहौल और भी मजेदार हो गया। शो और बाकी मेहमानों के साथ इन तीनों की नोक-झोंक देखने लायक होगी।
अगर दौलत की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक युवराज सिंह की कुल संपत्ति 291 करोड़ रुपए बताई जाती है, जबकि सहवाग की संपत्ति करीब 286 करोड़ रुपए मानी जाती है। कैफ की नेटवर्थ पर सामने नहीं आई है, लेकिन कैफ आज भी कमेंट्री, कोचिंग और क्रिकेट से जुड़े दूसरे कामों में इनवॉल्व हैं।

लॉर्ड्स की 24 साल पुरानी जीत
युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ की जोड़ी ने भारत को कई यादगार जीत दिलाई हैं। 2002 का नेटवेस्ट फाइनल सबसे खास माना जाता है। इंग्लैंड के खिलाफ 326 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारत की हालत खराब थी और टीम 146 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे मुश्किल समय में युवराज और कैफ ने 121 रनों की साझेदारी की। युवराज ने 69 रन बनाए, जबकि कैफ 87 रन बनाकर नाबाद रहे और भारत को जीत दिलाई थी।

