पूर्व क्रिकेटर युसुफ पठान के ससुर और साले गिरफ्तार : मुंबई में एक परिवार के 3 लोगों को डंडों और बेसबॉल बैट से पीटने का आरोप
Published:
2 min read

पूर्व क्रिकेटर युसुफ पठान TMC से लोकसभा सांसद भी हैं.
नेशनल डेस्क. पूर्व क्रिकेटर और TMC सांसद युसुफ पठान के ससुर और साले को मुंबई में एक परिवार के तीन सदस्यों से मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पठान के ससुर और साले पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति और उसके रिश्तेदारों को डंडों और बेसबॉल के बैट से पीटा।
दरअसल, मुंबई के बायकुला इलाके में सड़क पर पानी भरा था। तभी एक कार चालक वहां से गुजर रहा था। उसकी कार से पानी छिटककर युसुफ पठान के ससुर खालिद पठान और साले शोएब खान पर गिर गया। इसके बाद कार चालक और युसुफ के रिश्तेदारों में कहासुनी शुरू हुई और यह मारपीट में बदल गई। युसुफ के साले शोएब ने डंडे से कार का शीशा तोड़ दिया।
कार से पानी छिटकने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित सलमान ने बताया कि वह उसके भाई के साथ डिनर करके लौट रहा था। तभी सड़क पर कार से पानी शोएब पर छिटक गया। हमने कार रोकी और शोएब से माफी मांगी। लेकिन शोएब ने कुछ भी सुनने से इनकार कर दिया और कार का शीशा तोड़ दिया।
इतना ही नहीं जब सलमान और उसके परिवार के लोग पुलिस में शिकायत करने जा रहे थे, तभी उनपर हमला कर दिया गया। सलमान के मुताबिक, जब हम लोग जा रहे थे, तभी 8-9 लोग डंडे और हथियार लेकर आए और हम पर हमला कर दिया। मुझे, मेरे भाई और पिता को पीटा गया। तीनों को गंभीर चोटें आईं। सलमान का हाथ टूट गया। इतना ही नहीं आरोपियों ने घटनास्थल से भागने से पहले कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी। शनिवार को हुई ये घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई।
दोनों पक्षों की ओर से शिकायत
सलमान ने अपनी शिकायत में खालिद पठान, शोएब खान, उमरशाद खान, शहबाज पठान के नाम लिए हैं। शहबाज अभी फरार है। जबकि तीन अन्य आरोपियों को मारपीट और गंभीर चोट के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
दूसरी तरफ उमरशाद खान ने भी पीड़ित परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, उसकी शिकायत पर कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।

