WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पहली हार: पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स, नंदिनी 3 विकेट के साथ पर्पल कैप होल्डर
Published:
3 min read

टॉस के दौरान कप्तान स्मृति मंधाना (बाएं) और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (दाएं)। (@wpl)
स्पोर्ट्स डेस्क. विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को पहली हार मिली है। वडोदरा में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने RCB को 7 विकेट से हराया। मैच शनिवार को कोटाम्बी स्टेडियम में खेला गया। इस जीत की हीरो पेसर नंदिनी शर्मा रहीं। उन्होंने 3 विकेट लिए। बैटिंग में लौरा वोलवार्ट ने नॉट आउट 42 रन बनाए।

मंधाना के आउट होते ही टीम बिखरी
दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। RCB की शुरुआत ठीक रही। स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस ने पहले विकेट के लिए 36 रन बनाए। हैरिस 9 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद मंधाना भी 38 रन बनाकर आउट हो गईं। यहीं से RCB की पारी लड़खड़ाने लगी।
इसके बाद जॉर्जिया वोल 11, गौतमी नायक 3, ऋचा घोष 5, राधा यादव 18 और नादिन डी क्लर्क 5 रन ही बना सकीं। पूरी टीम 109 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली की तरफ से नंदिनी शर्मा ने 3 विकेट लिए। शिनेल हेनरी, मारिजान कैप और मिन्नु मणि को 2-2 विकेट मिले। श्री चरणी ने 1 विकेट लिया।

दिल्ली की खराब शुरुआत
110 रन के टारगेट का पीछा करते हुए DC ने भी अच्छी शुरुआत नहीं की। 24 रन पर 2 विकेट गिर गए। शेफाली वर्मा 16 और लिजेल ली 6 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद लौरा वोलवार्ट और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने पारी संभाली। फिफ्टी पार्टनरशिप की।
जेमिमा 24 रन बनाकर आउट हुईं। आखिर में मारिजान कैप ने 19 रन बनाए। टीम को 16वें ओवर में जीत दिला दी। वोलवार्ट 42 रन बनाकर नॉट आउट रहीं। RCB की ओर से सयाली साटघरे ने 2 विकेट लिए। राधा यादव को 1 विकेट मिला। बाकी बॉलर्स विकेट लेने में सफल नही रहीं।
पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर DC
जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स (DC) पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई। टीम के 6 मैच में 3 जीत के साथ 6 पॉइंट्स हैं। इतने ही पॉइंट्स के साथ गुजरात जायंट्स तीसरे नंबर पर है। मुंबई चौथे और यूपी पांचवें स्थान पर हैं। RCB 10 पॉइंट्स के साथ टॉप पर बनी हुई है। प्लेऑफ में जगह पहले ही पक्की कर चुकी है।
ऑरेंज कैप होल्डर फीबी लिचफील्ड
UP वॉरियर्स की फीबी लिचफील्ड सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर हैं। उन्होंने 6 मैच में 243 रन बनाए हैं। हरमनप्रीत कौर 240 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। स्मृति मंधाना 230 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। लिजेल ली चौथे और नेट साइवर ब्रंट पांचवें नंबर पर हैं।

पर्पल कैप नंदिनी शर्मा के पास
DC की नंदिनी शर्मा इस सीजन की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर हैं। RCB के खिलाफ 3 विकेट लेने के बाद उनके 6 मैच में 13 विकेट हो गए हैं। गुजरात की सोफी डिवाइन 11 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं। नादिन डी क्लर्क, अमेलिया केर और लॉरेन बेल भी टॉप बॉलर्स की लिस्ट में शामिल हैं।


