वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी: इंडिया-पाकिस्तान फिर एक ग्रुप में, 14 जून को होगा मुकाबला
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इसी साल होने वाले वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है। टूर्नामेंट 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड की मेजबानी में खेला जाएगा। इस वर्ल्ड कप में 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 2 ग्रुप में बांटा गया है। इसमें भी इंडिया और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है।
14 जून को इंडिया-पाकिस्तान मैच
साथ ही दोनों टीम के बीच मुकाबला भी तय हो गया है। ग्रुप स्टेज में इंडिया और पाकिस्तान के बीच मैच 14 जून को खेला जाएगा। यह मुकाबला एजबेस्टन में होगा।
वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ओपनिंग मैच 12 जून को इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच एजबेस्टन में खेला जाएगा। जबकि फाइनल 5 जुलाई को लॉर्ड्स में होगा।
दोनों ग्रुप इस तरह रहेंगे
ग्रुप-1: इंडिया, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स।
ग्रुप-2: वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, आयरलैंड और स्कॉटलैंड।
दोनों वुमन्स टीम का 17वां टी20
इंडिया और पाकिस्तान वुमन्स टीम ने अब तक 16 टी20 मुकाबले खेले हैं। यह दोनों टीम का 17वां मैच होने वाला है। अब तक टीम इंडिया का ही पलड़ा भारी रहा है। इंडिया ने 16 में से 13 मैच जीते, जबकि पाकिस्तान को 3 मैच में ही सफलता मिली है।
वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मैच हुए। इस दौरान भारतीय टीम ने 6 मैच जीते, जबकि सिर्फ 2 मुकाबलों में पाकिस्तान टीम को जीत नसीब हुई।

