वुमन्स एशिया कप फाइनल आज: इंडिया लगातार दूसरा खिताब जीतने उतरेगी, बांग्लादेश पिछला फाइनल हारी थी
Published:
2 min read

भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 5 विकेट से हराया था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 का फाइनल आज (22 फरवरी) खेला जाएगा। इस खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया की टक्कर बांग्लादेश से होगी। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 12.30 बजे से बैंकॉक के टर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। भारतीय टीम लगातार दूसरा खिताब जीतने उतरेगी।
वुमन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप का यह दूसरा ही सीजन है। पहला सीजन 2023 में हुआ था। उस सीजन में भी फाइनल इंडिया और बांग्लादेश के बीच हुआ था। तब इंडिया ने 31 रन से मैच और खिताब जीता था।
इंडिया ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को हराया
मौजूदा सीजन के दोनों सेमीफाइनल शुक्रवार (20 फरवरी) को खेले गए। पहले सेमी में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराया। जबकि दूसरे सेमी में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 54 रनों से शिकस्त दी।
राधा यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में पहला मैच UAE से हारा था। इसके बाद लगातार 2 मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पाकिस्तान और नेपाल को शिकस्त दी। फिर सेमी में श्रीलंकाई टीम को हराकर फाइनल में एंट्री की।
वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप का फॉर्मेट
वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप के इस दूसरे सीजन में 8 टीमें खेलीं। ग्रुप-ए में इंडिया और पाकिस्तान के साथ नेपाल और UAE की टीमें थीं। जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें रहीं। अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट पर बैन है। इस कारण यह टीम नहीं खेल रही है।
ग्रुप स्टेज में हर एक टीम ने 3-3 मैच खेले। इस तरह दोनों ग्रुप से कुल 12 मैच हुए। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंची थीं। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में हुआ।
फाइनल कहां लाइव देख सकेंगे
फैन्स यह फाइनल मुकाबला टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क चैनल पर देख सकेंगे। जबकि मोबाइल यूजर्स इस मैच को सोनी लिव एप पर देख पाएंगे।
इंडिया-बांग्लादेश की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: नंदिनी कश्यप, दिनेश वृंदा, अनुष्का शर्मा, तेजल हसबनीस, राधा यादव (कप्तान), मीनू मन्नी, मडीवाला ममता (विकेटकीपर), प्रेमा रावत, तनुजा कंवर, सीमा ठाकुर और जिंटी मोनी कलिटा।
बांग्लादेश टीम: इश्मा तंजिम, शमीमा सुल्ताना (विकेटकीपर), सर्मिन सुल्ताना, फहीमा खातून (कप्तान), लता मंडल, फरजाना ईसमिन, शोरिफा खातून, सादिया अख्तर, फातिमा जहां और संजिदा अख्तर।

