धोनी पर बनी फिल्म देखकर बदली तारिक की लाइफ: पाकिस्तानी स्पिनर ने कहा- MS की लाइफ स्ट्रगल से इंस्पायर हुआ, जिंदगी बदल गई
Published:
2 min read

उस्मान तारिक ने 27 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. ‘जब मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ तो मैंने खेल छोड़ दिया। मैं दुबई में काम कर रहा था। मुझे धोनी ने सिखाया। मैं बहुत इंस्पायर हुआ। फिर नौकरी छोड़ दी और पाकिस्तान लौट आया। क्रिकेट खेलने का फैसला किया...
ये कहना है पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक का। भले ही उनके बॉलिंग एक्शन पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन उनकी क्रिकेट स्टोरी काफी दिलचस्प है। उनका कनेक्शन पूर्व भारतीय कप्तान MS धोनी से भी है।
दुबई में सेल्समैन की नौकरी छोड़कर फिर पकड़ी गेंद
तारिक का शुरुआती करियर आसान नहीं रहा। टीम में चयन नहीं हुआ तो क्रिकेट छोड़ने का फैसला कर लिया। रोजी-रोटी की तलाश में दुबई चले गए, क्योंकि पिता की मौत के बाद घर चलाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर ही थी। वहां सेल्समैन की नौकरी करने लगे, लगा कि क्रिकेट का सपना खत्म हो चुका है।
फिल्म ने जिंदगी बदली
दुबई में तारिक ने MS धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी देखी। इस फिल्म में धोनी के स्ट्रगल, मेहनत और एक छोटे शहर के लड़के से टीम इंडिया के कप्तान बनने तक के सफर को दिखाया गया है। धोनी ने क्रिकेट के लिए रेलवे में टिकट कलेक्टर की नौकरी छोड़ दी थी। तारिक फिल्म और धोनी के रियल लाइफ स्टोरी से इतना इंस्पायर हुए कि खुद भी दुबई की नौकरी छोड़कर अपने मुल्क यानी पाकिस्तान लौट आए। इसके बाद क्रिकेट का सफर दोबारा शुरू हुआ।
अनोखा एक्शन..
तारिक T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अनोखे बॉलिंग स्टाइल के लिए ट्रोल हो रहे हैं। बॉलिंग करते समय उनका हाथ काफी मुड़ा हुआ दिखता है। यही वजह है की उनके एक्शन पर सवाल किए जा रहे हैं । ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने भी उनकी बॉलिंग पर कमेंट किया था ।
पाकिस्तान के लिए तुरुप का इक्का
उस्मान तारिक ने 27 साल की उम्र में पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 4 T20 मैच खेले हैं। 5.93 की इकोनॉमी से 11 विकेट लिए हैं। एक पारी में 4 विकेट भी ले चुके हैं। तारिक ने अब तक T20 वर्ल्ड कप में 1 मैच खेला है और 3 विकेट लिए हैं।

