वेस्टइंडीज क्रिकेट: 25 साल के खिलाड़ी पर नाबालिग से रेप का आरोप, 11 महिलाओं से यौन उत्पीड़न; अब करियर होगा खत्म?
Published: Updated:
3 min read

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज शेमार जोसेफ। (AFP)
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज शेमार जोसेफ मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं। 25 साल के इस क्रिकेटर पर नाबालिग समेत 11 महिलाओं ने रेप और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पहले इस प्लेयर का नाम सामने नहीं आया था, लेकिन अब गुयाना के लोकल अखबार Kaieteur Sports की रिपोर्ट्स में नाम का भी खुलासा हो गया है।
वेस्टइंडीज टीम अभी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेल रही है। जोसेफ इस सीरीज में खेल रहा है। पहला टेस्ट ब्रिजटाउन में हुआ, जिसमें जोसेफ ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 5 विकेट अपने नाम किए थे। मगर अब इस खिलाड़ी का करियर खत्म होता नजर आ रहा है।
जोसेफ ने अब तक (30 जून) 9 टेस्ट, 3 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 38, वनडे में 1 और टी20 में 10 विकेट लिए।
सबसे पहले गुयाना के एक अखबार में छपी ये खबर
इस मामले में वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (CWI) ने भी अपना बयान जारी किया है। Kaieteur Sports ने ही इस खबर को सबसे पहले छापा है। इसने खबर की हेडलाइन Monster in Maroon रखी। खबर में नाबालिग समेत 11 महिलाओं के बयान सुने जाने का दावा किया गया है। इन सभी ने क्रिकेटर पर रेप और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए।
इन आरोपों को लेकर स्पोर्ट्स मैक्स चैनल ने भी क्रिकेट वेस्टइंडीज से सवाल पूछे थे कि क्या बोर्ड को इसकी जानकारी है। अगर हां तो क्या एक्शन लिया गया? इसका जवाब CWI के अध्यक्ष किशोर शैलो ने दिया था। उन्होंने कहा कि अभी बोर्ड को इस मामले की कोई जानकारी नहीं है, इसलिए वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
गाबा टेस्ट जीत के बाद हीरो की तरह हुआ वेलकम
इस चैनल ने गुयाना के एक वकील Nigel Hughes का बयान भी चलाया। वकील ने कहा कि 2 साल पहले एक लड़की मेरे पास आई और प्लेयर पर रेप के आरोप लगाए। जनवरी 2024 में वेस्टइंडीज टीम ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उस मैच में यह आरोपी क्रिकेटर भी खेला था।
गुयाना लौटने पर उस प्लेयर का हीरो की तरह स्वागत हुआ था। इसके बाद इस आरोपी प्लेयर की हरकतों की चर्चाएं बंद हो गई थीं। मगर कुछ दिन पहले ही मामले को लेकर दोबारा पूछताछ की गई थी। तभी मामला फिर सामने आया है।
फिलहाल, वेस्टइंडीज टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेल रही है। पहला मुकाबला बारबाडोस के ब्रिजटाउन में हुआ, जिसमें ऑस्ट्रेलिया 159 रन से जीती और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। अब विंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 3 जुलाई से खेला जाएगा। यह मैच ग्रेनाडा के सेंट जॉर्ज में होगा।

