स्टार क्रिकेटर पर रेप के आरोप: नाबालिग समेत 11 महिलाओं ने लगाए यौन उत्पीड़न के इल्जाम, ऑस्ट्रेलिया सीरीज में खेल रहा प्लेयर
Published:
2 min read

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज टीम। (AFP)
क्रिकेट को शर्मसार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आ रही है। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम में खेल रहे एक स्टार प्लेयर पर 11 महिलाओं ने रेप और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इन पीड़ितों में एक नाबालिग भी शामिल है। हालांकि उस क्रिकेटर का नाम अभी सामने नहीं आया है।
वेस्टइंडीज टीम अभी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेल रही है। यह आरोपी खिलाड़ी इस सीरीज में खेल रहा है। इस मामले में वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (CWI) ने भी अपना बयान जारी किया है।
सबसे पहले गुयाना के एक अखबार में छपी ये खबर
गुयाना के लोकल अखबार Kaieteur Sports ने इस खबर को सबसे पहले छापा है। इसने खबर की हेडलाइन Monster in Maroon रखी। खबर में नाबालिग समेत 11 महिलाओं के बयान सुने जाने का दावा किया गया है। इन सभी ने क्रिकेटर पर रेप और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए।
इन आरोपों को लेकर स्पोर्ट्स मैक्स चैनल ने क्रिकेट वेस्टइंडीज से सवाल पूछे कि क्या बोर्ड को इसकी जानकारी है। अगर हां तो क्या एक्शन लिया गया? इसका जवाब CWI के अध्यक्ष किशोर शैलो ने दिया। उन्होंने कहा कि अभी बोर्ड को इस मामले की कोई जानकारी नहीं है, इसलिए वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
गाबा टेस्ट जीत के बाद हीरो की तरह हुआ वेलकम
इस चैनल ने गुयाना के एक वकील Nigel Hughes का बयान भी चलाया। वकील ने कहा कि 2 साल पहले एक लड़की मेरे पास आई और प्लेयर पर रेप के आरोप लगाए। जनवरी 2024 में वेस्टइंडीज टीम ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उस मैच में यह आरोपी क्रिकेटर भी खेला था।
गुयाना लौटने पर उसका हीरो की तरह स्वागत हुआ था। इसके बाद इस आरोपी प्लेयर की हरकतों की चर्चाएं बंद हो गई थीं। मगर कुछ दिन पहले ही मामले को लेकर दोबारा पूछताछ की गई थी। तभी मामला फिर सामने आया है।
फिलहाल, वेस्टइंडीज टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेल रही है। पहला मुकाबला बारबाडोस के ब्रिजटाउन में हुआ, जिसमें ऑस्ट्रेलिया 159 रन से जीती और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। अब विंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 3 जुलाई से खेला जाएगा। यह मैच ग्रेनाडा के सेंट जॉर्ज में होगा।

