प. बंगाल चुनाव में 2 क्रिकेटर उतरे: अशोक डिंडा और शिव शंकर की किस्मत EVM में बंद; मनोज तिवारी का टिकट पहले ही कट चुका
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत आज (29 अप्रैल) दूसरे फेस की वोटिंग होनी है। इस बार चुनाव में खेल जगत की कुछ हस्तियां भी मैदान में उतरी हैं। इनमें खास तौर पर दो क्रिकेटर और दो फुटबॉल हैं। इनमें एक इंटरनेशनल क्रिकेटर अशोक डिंडा हैं, जिन्हें BJP ने टिकट दिया है।
दूसरे क्रिकेटर शिव शंकर पाल हैं, जो सिर्फ घरेलू क्रिकेट ही खेले थे। उन्हें तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने टिकट दिया। इन दोनों के अलावा दो फुटबॉलर भी हैं। इनमें एक टीम इंडिया के कैप्टन भी रह चुके। आइए जानते हैं इन सभी के बारे में…
अशोक पिछली बार इसी सीट से जीते थे
पहले बात 42 साल के अशोक डिंडा की करते हैं। उन्हें BJP ने मोयना विधानसभा सीट से टिकट दिया है। उनकी किस्मत EVM में बंद हो गई है। इस सीट पर पहले फेज में यानी 23 अप्रैल को वोटिंग हो गई। अशोक ने इसी सीट से पिछला चुनाव भी जीता था।

इस तेज गेंदबाज ने भारतीय टीम के लिए 13 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इस दौरान वनडे में 12 और टी20 में 17 विकेट लिए। उन्होंने फरवरी 2021 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
शिव शंकर को तूफानगंज से टिकट
दूसरे क्रिकेटर शिव शंकर पाल हैं, जिन्हें TMC ने तूफानगंज सीट से टिकट दिया है। इस सीट पर भी पहले फेज में यानी 23 अप्रैल को वोटिंग हो गई। 44 साल के शिव शंकर सिर्फ घरेलू क्रिकेट ही खेल सके हैं।

तेज गेंदबाज शिव शंकर ने 61 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसमें 220 विकेट लिए। इसके अलावा 61 लिस्ट-ए मैच में 86 और 8 टी20 में 12 विकेट लिए।

TMC ने दो फुटबॉलर को टिकट दिया
इनके अलावा दो पूर्व फुटबॉलर बिदेश बासु और प्रसून बनर्जी हैं। TMC ने बिदेश को सप्तग्राम विधानसभा सीट से टिकट दिया है। इस सीट पर आज (29 अप्रैल) वोटिंग होनी है। दूसरे प्लेयर प्रसून हैं। उन्हें भी TMC ने चंचल विधानसभा सीट से टिकट दिया है। यहां 23 अप्रैल को मतदान हो गया है।

मनोज तिवारी का टिकट कटा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी को इस बार टिकट ही नहीं मिला। वे पिछले विधानसभा चुनाव में TMC के टिकट पर शिबपुर सीट से जीते थे और ममता सरकार में मंत्री भी थे। इस बार उनकी जगह इस सीट से TMC ने डॉ. राणा चटर्जी को टिकट दिया है।
राइट हैंड बैटर मनोज ने टीम इंडिया के लिए 12 वनडे खेले, जिसमें 287 रन बनाए। जबकि 3 टी20 मैच की एक पारी में सिर्फ 15 रन बनाए थे। टेस्ट में मनोज को मौका नहीं मिला।

