TMC सांसद यूसुफ पठान ने माना गुजरात में विकास हुआ: बोले- बंगाल में TMC मजबूत, गुजरात में BJP
Published:
2 min read

यूसुफ पठान पिता (बाएं) के साथ गुजरात लोकल बॉडी इलेक्शन में वोट डालने पहुंचे।
नेशनल डेस्क: TMC सांसद और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान गुजराज लोकल बॉडी इलेक्शन में वोट डालते वक्त एक अहम बात कह गए। पठान ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि गुजरात में डेवलपमेंट हुआ है और लोग यहां डेवलपमेंट के नाम पर ही वोट करते हैं।
बंगाल में TMC मजबूत, गुजरात में BJP
पठान ने कहा- गुजरात के लोग हमेशा विकास को तरजीह देते हैं। फैक्ट यही है कि गुजरात में BJP काफी मजबूत है। शायद इसी वजह से उन्हें लोगों का समर्थन भी मिलता है। अगर हम बंगाल की बात करें तो वहां भी ऐसी ही स्थिति है। बंगाल में TMC मजबूत है, क्योंकि उन्होंने वहां डेवलपमेंट किया है। इसी वजह से अगले 40-50 साल तक उन्हें वहां से कोई हटा नहीं सकता।
जो सरकार काम करेगी, वो बने रहेगी
पत्रकारों ने पठान से पूछा कि अगर विकास के नाम पर TMC अगले 40-50 साल तक बंगाल में रहेगी, तो क्या यही बात आप गुजरात में BJP के लिए कह सकते हैं। पठान ने कहा- देखिए, मैंने पहले भी बोला कि जो सरकार लोगों के लिए काम करेगी, उसकी सत्ता बनी रहेगी। गुजरात के लोग अगर डेवलपमेंट के नाम पर BJP को वोट देते रहेंगे, तो जाहिर तौर पर उनकी सरकार यहां बनी ही रहेगी।
कभी आक्रामक क्रिकेटर, अब सांसद
यूसुफ पठान एक आक्रामक क्रिकेटर हुआ करते थे। बैटिंग और बॉलिंग दोनों करते थे। 2007 वर्ल्ड टी-20 और 2011 वर्ल्ड कप विनिंग टीम का हिस्सा भी रहे। IPL में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स से भी खेलते रहे। रिटायरमेंट के बाद राजनीति में आए। ममता बनर्जी ने इन्हें बंगाल से लोकसभा टिकट दिया। 2024 चुनाव में बहरामपुर सीट से जीत गए। फिलहाल, बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC के इलेक्शन कैेंपेन का अहम हिस्सा हैं।

