फेस सर्जरी के बाद बेन स्टोक्स का नया लुक: स्टोक्स बोले- मैं थोड़ा मुड़ा नहीं होता तो शायद आज बात नहीं कर रहा होता; नेट प्रैक्टिस में चोट लगी थी
Published:
2 min read

इंग्लैंड टीम को जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज खेलनी है। इसके लिए बेन स्टोक्स को ही कप्तान बनाया गया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह खेल नहीं बल्कि उनका बदला हुआ चेहरा है। चोट के बाद हाल ही में उनकी सर्जरी हुई थी। इसके बाद का एक वीडियो सामने आया है जिसमें स्टोक्स का लुक काफी अलग नजर आ रहा है। उनका यह ट्रांसफॉर्मेशन देखकर फैंस हैरान रह गए।
किट लॉन्च के दौरान सामने आया
दरअसल, यह वीडियो इंग्लैंड टीम के नए किट लॉन्च के दौरान सामने आया, जिसे England Cricket ने शेयर किया। इस वीडियो में टीम के कई खिलाड़ी जैसे आदिल राशिद, मार्क वुड, गस एटकिंसन और बेन डकेट भी दिखे, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान खींचा स्टोक्स के बदले हुए चेहरे ने। वीडियो में वे पहले से काफी दुबले और अलग दिख रहे हैं।

नेट सेशन के दौरान बाॅल लगी थी
यह बदलाव उनकी हाल ही में हुई फेस सर्जरी के कारण हुआ है। इस साल की शुरुआत में नेट प्रैक्टिस के दौरान एक बॉल सीधे स्टोक्स के चेहरे पर लगी थी। यह चोट काफी खतरनाक थी और उन्हें तुरंत सर्जरी करानी पड़ी। खुद स्टोक्स ने बताया कि यह एक डरावना अनुभव था और अगर गेंद थोड़ी इधर-उधर लगती तो इंजरी और ज्यादा गंभीर भी हो सकती थी।
खुद को किसमत वाला मानता हूं
स्टोक्स ने BBC SPORTS को दिए इंटरव्यू में कहा- गेंद सीधे मेरे चेहरे पर लगी थी। अगर मैं थोड़ा भी नहीं मुड़ा होता तो शायद आज यहां बात नहीं कर रहा होता। मेरी गाल की हड्डी के नीचे काफी चोट आई थी, लेकिन मैं खुद को किस्मत वाला मानता हूं कि ज्यादा गंभीर बात नहीं हुई।
इंग्लैंड टीम 3 टेस्ट खेलेगी
इंग्लैंड टीम को जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज खेलनी है। इसके बाद अगस्त के आखिर में पाकिस्तान के खिलाफ भी तीन टेस्ट की सीरीज होगी। इंग्लैंड टीम कुछ महीने पहले एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया से 4-1 से हार गई थी। बावजूद इसके, टीम मैनेजमेंट ने स्टोक्स पर पूरा भरोसा जताया है और उन्हें टेस्ट टीम का कप्तान बनाए रखा है। एशेज में उन्होंने 184 रन बनाए और 15 विकेट भी लिए थे।

