सुंदर न्यूजीलैंड ODI सीरीज से बाहर: पहले मैच में 2 रन भी नहीं ले पा रहे थे; टी20 वर्ल्ड कप के लिए मुश्किलें बढ़ीं
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। सुंदर की जगह आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है। बडोनी को पहली बार वनडे स्क्वॉड में जगह मिली है। इससे पहले विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत भी चोट के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं। पंत एक भी मैच नहीं खेल सके, जबकि सुंदर ने पहला वनडे खेला था।
यह पहला वनडे रविवार (11 जनवरी) को वडोदरा में हुआ, जिसे टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत लिया। इस मैच में सुंदर को बैटिंग में दिक्कत हो रही थी। वे डबल रन भी नहीं ले पा रहे थे।
सुंदर को साइड स्ट्रेन की समस्या
वडोदरा वनडे के बाद हर्षित राणा ने कहा- सुंदर को साइड स्ट्रेन की समस्या है। बैटिंग के दौरान भी उन्हें दर्द हो रहा था। यही कारण है कि उन्हें दो रन लेने में भी दिक्कत हो रही थी। हमारी मेडिकल टीम उनका इलाज कर रही है और अपनी निगरानी में रखे हुए है।
BCCI के सीनियर सूत्र ने TOI से कहा- हां, सुंदर अब न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के अगले दोनों वनडे से बाहर हो गए हैं। उन्हें पहले वनडे में साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी।
चोट के चलते सिर्फ 5 ओवर किए थे
वडोदरा वनडे में सुंदर ने चोट के चलते सिर्फ 5 ओवर किए थे, जिसमें 27 रन दिए थे। उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। बैटिंग में भी सुंदर 8वें नंबर पर बैटिंग के लिए उतरे थे। वे 7 बॉल पर 7 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। सुंदर को चोट के कारण बैटिंग के दौरान सबसे ज्यादा दिक्कत हुई।
BCCI ने ऋषभ पंत की जगह ध्रुव जुरेल को बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया है। भारतीय बोर्ड जल्द ही सुंदर के रिप्लेसमेंट का ऐलान भी करेगा।
वर्ल्ड कप में सुंदर के खेलने की उम्मीद कम
भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 की घरेलू सीरीज भी खेलनी है। पहला मुकाबला 21 जनवरी को होगा। ऐसे में सुंदर के ठीक होकर लौटने की उम्मीद कम ही है।
वह टी20 सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं। इसके बाद 7 फरवरी से 8 मार्च तक टी20 वर्ल्ड कप 2026 होगा। सुंदर को वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली है, लेकिन चोट के कारण उनके खेलने पर सस्पेंस है।

