भुवनेश्वर के कमबैक के बारे में सोचें: सहवाग की BCCI को सलाह, बोले- उम्र मायने नहीं रखती; IPL 2026 में 17 विकेट ले चुके
Published:
2 min read

भुवनेश्वर ने अब तक 325 T20 में 352 विकेट लिए हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रहे भुवनेश्वर कुमार को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अच्छी फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी को उम्र के आधार पर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
फिर मौका मिलना चाहिए
सहवाग ने Cricbuzz से बातचीत के दौरान कहा- भुवनेश्वर को टीम इंडिया में फिर से मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर की उम्र 36 साल है, लेकिन वह अभी भी शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। सहवाग का मानना है कि अगर कोई खिलाड़ी लगातार अच्छा कर रहा है, तो उसकी उम्र मायने नहीं रखती। उन्होंने कहा सिलेक्टर को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि खिलाड़ी मैदान पर कैसा परफॉर्मेंस कर रहा है।
वीरु ने आगे कहा- पहले जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार की जोड़ी बहुत मजबूत थी। अगर इन दोनों को फिर से साथ खेलने का मौका मिले, तो भारतीय टीम को काफी फायदा हो सकता है।

9 मैच में 17 विकेट लिए
IPL 2026 में भुवनेश्वर ने अब तक 9 मैचों में 17 विकेट लिए हैं। उनका प्रदर्शन इतना अच्छा रहा है कि वह पर्पल कैप की रेस में भी आगे हैं। गुरुवार को टी20 क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए। वह ऐसा करने वाले दूसरे इंडियन प्लेयर हैं।

T20 में 352 विकेट लिए
भुवनेश्वर ने अब तक 325 T20 में 352 विकेट लिए हैं। उनका औसत 24.51 है। उन्होंने 5 बार चार-चार विकेट और 5 बार पांच-पांच विकेट भी लिए हैं। उनका बेस्ट 5 विकेट देकर सिर्फ 4 रन है। भारत की तरफ से उनसे ज्यादा टी20 विकेट सिर्फ स्पिनर युजवेंद्र चहल ने लिए हैं, जिनके नाम 391 विकेट हैं।

