भारत vs बांग्लादेश सीरीज: रोहित-कोहली को मैदान पर लौटने के लिए करना पड़ेगा लंबा इंतजार! रद्द हो सकता है बांग्लादेश दौरा
Published:
3 min read

2023 वर्ल्ड कप के दौरान एक मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली। (Getty image)
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने पिछले साल T20I क्रिकेट को अलविदा कहा था। जबकि मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से भी अचानक संन्यास ले लिया। यह दोनों स्टार अब सिर्फ वनडे खेल रहे हैं। ऐसे में फैन्स को इंतजार है कोहली-रोहित की भारतीय टीम में वापसी का। यह वापसी अगस्त में बांग्लादेश दौरे के दौरान होनी थी, लेकिन अब इसमें देरी हो सकती है क्योंकि BCCI को अभी तक भारत सरकार से मंजूरी नहीं मिली है।
बांग्लादेश दौरे का शेड्यूल घोषित
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अप्रैल में ही भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज का शेड्यूल जारी किया था। इस बांग्लादेश दौरे पर टीम इंडिया को 3 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। ये मुकाबले ढाका और चटगांव में होने वाले हैं।
अब तक नहीं मिली सरकार से मंजूरी
BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने बताया कि BCCI ने दौरे की पुष्टि नहीं की है क्योंकि उसे अभी तक भारत सरकार से जरूरी मंजूरी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि हमने BCCI से बात की है, सकारात्मक रही। हालांकि बीसीसीआई इस दौरे की पुष्टि केंद्र सरकार से मंजूरी के बाद ही करेगा।
कोहली और रोहित की वापसी पर सस्पेंस
अगर BCCI को समय पर अनुमति नहीं मिली, तो कोहली और रोहित की भारत वापसी टल जाएगी। ऐसे में उनको ब्लू जर्सी में वापसी के लिए लंबा इंतजार करना होगा। बांग्लादेश के बाद अगली वनडे सीरीज अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे है। यह दौरा 19 अक्टूबर से शुरू होगा, जिसमें भारतीय टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगा।
रोहित वनडे फॉर्मेट में कप्तान बने रहेंगे
BCCI पहले ही पुष्टि कर चुका है कि रोहित शर्मा वनडे टीम के कप्तान बने रहेंगे। इसका मतलब है कि अब हर फॉर्मेट में टीम इंडिया के अलग कप्तान होंगे। यह क्रिकेट इतिहास में पहली बार है। टेस्ट में शुभमन गिल, वनडे में रोहित और T20 में सूर्यकुमार यादव कमान संभाल रहे हैं।
हो सकता है आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा
विराट कोहली औऱ रोहित शर्मा का यह आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा हो सकता है। इस कारण ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड (CA) इस दौरे को खास मान रहा है। उसने कोहली-रोहित को सम्मानित करने का प्लान भी बनाया है।
भारत-बांग्लादेश के बीच वनडे में हेड-टू-हेड
कुल मैच - 41
भारत - 32
बांग्लादेश - 8
टाई - 1
कोहली का बांग्लादेश के खिलाफ वनडे रिकॉर्ड
कुल मैच - 17
रन - 932
औसत - 71.7
फिफ्टी - 5
शतक - 3
बेस्ट स्कोर - 136
रोहित का बांग्लादेश के खिलाफ वनडे रिकॉर्ड
कुल मैच - 18
रन - 827
औसत - 55.1
फिफ्टी - 3
शतक - 3
बेस्ट स्कोर - 137
कब खेला था आखिरी वनडे
रोहित और कोहली ने आखिरी वनडे मैच इसी साल मार्च में खेला था। यह मुकाबला चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल था। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में रोहित ने 76 और कोहली ने 1 रन बनाया था। भारतीय टीम यह फाइनल 4 विकेट से जीती थी।
IPL में भी रोहित-कोहली ने मचाई धूम
चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद रोहित और कोहली IPL 2025 सीजन में खेलते नजर आए थे। कोहली ने अपना आखिरी मैच पंजाब के साथ IPL फाइनल खेला था। इसमें 43 रन बनाए थे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 6 रन से फाइनल और खिताब जीता था।
पूरे सीजन में कोहली ने 16 मैच में 54.75 के एवरेज से 657 रन बनाए। उन्होंने 8 फिफ्टी लगाईं। रोहित ने इस सीजन में 15 मैच खेले, जिसमें 29.85 के औसत से 418 रन बनाए।

