कोहली-रोहित की 5 महीने के लिए छुट्टी: जून में टीम इंडिया के लिए खेलते दिखेंगे, अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज होगी
Published:
2 min read

विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। अब दोनों सिर्फ ODI फॉर्मेट ही खेल रहे हैं। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. विराट कोहली और रोहित शर्मा की भारतीय क्रिकेट टीम से 5 महीने के लिए छुट्टी हो गई है। दोनों ने साल की पहली वनडे सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली। इसमें इंडिया को 1-2 से हार मिली। रोहित खास प्रदर्शन नहीं कर सके, लेकिन कोहली ने शानदार पारी खेली। हालांकि वे टीम को सीरीज में जीत नहीं दिला सके।
भारतीय टीम अब इसी महीने यानी जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही 5 टी20 की घरेलू सीरीज खेलनी है। इसके बाद फरवरी-मार्च में टी20 वर्ल्ड कप होगा। दूसरी ओर कोहली और रोहित दोनों ही इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं।
जून में अफगानिस्तान से घरेलू सीरीज
दोनों ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतते ही टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कह दिया था। इसके बाद मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था। ऐसे अब कोहली और रोहित दोनों सिर्फ ODI फॉर्मेट ही खेल रहे हैं।
ऐसे में भारतीय टीम की अगली वनडे सीरीज अब सीधे जून में होने वाली है। अफगानिस्तान टीम भारत दौरे पर आएगी। दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट और 3 वनडे की सीरीज खेली जाएगी। कोहली और रोहित इस ODI सीरीज में उतर सकते हैं।
इंग्लैंड दौरे पर भी वनडे सीरीज होगी
इसके ठीक बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड दौरे पर जाना है। यहां जुलाई में दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 टी20 की सीरीज खेली जाएगी। यहां से रोहित और कोहली के लिए 3 और सीरीज रहने वाली हैं। नीचे शेड्यूल देख सकते हैं।
भारतीय टीम की इस साल वनडे सीरीज
जून 2026, 3 वनडे Vs अफगानिस्तान
जुलाई 2026, 3 वनडे Vs इंग्लैंड
सितंबर 2026, 3 वनडे Vs वेस्टइंडीज
अक्टूबर 2026, 3 वनडे Vs न्यूजीलैंड
दिसंबर 2026, 3 वनडे Vs श्रीलंका
कोहली-रोहित IPL में खेलते दिखेंगे
हालांकि कोहली और रोहित अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलते दिखाई देंगे। रोहित मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेलते हैं। जबकि कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से खेलते हैं। RCB ने पिछले सीजन में खिताब जीता था। यह इस टीम का पहला IPL खिताब है।

