कोहली के कोच राजकुमार की क्रिकेट एकेडमी का उद्घाटन: IPL 2026 के बीच विराट भी पहुंचे; DC से मैच के बाद दिल्ली में ही रुके
Published:
2 min read

विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने DPS आरके पुरम में क्रिकेट एकेडमी शुरू की। कोहली इसके उद्घाटन समारोह में पहुंचे। फोटो सोर्स: सोशल मीडिया
स्पोर्ट्स डेस्क. विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने दिल्ली के DPS आरके पुरम में एक नई क्रिकेट एकेडमी खोली है। इसके उद्घाटन में कोहली भी पहुंचे। IPL जैसे व्यस्त सीजन के बावजूद कोहली का यहां आना इस बात को दिखाता है कि उनके लिए अपने कोच कितनी अहमियत रखते हैं।
1 दिन दिल्ली में रुके रहे
कोहली दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत के बाद अगले मैच के लिए रवाना नहीं हुए, बल्कि अपने शहर दिल्ली में एक दिन और रुक गए थे। क्योंकि उन्हें इस एकेडमी के उद्घाटन समारोह में जाना था।

कोहली ने बच्चों को अवॉर्ड दिए
इस कार्यक्रम में दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के प्रेसिडेंट रोहन जेटली भी मौजूद थे। कोहली ने वहां मौजूद बच्चों को अवॉर्ड दिए और उनसे बातचीत भी की। एक खास पल तब आया जब एक बच्चा सम्मान के तौर पर कोहली के पैर छूने लगा, लेकिन कोहली ने तुरंत उसे रोक दिया और हाथ मिलाकर उसे मोटिवेट किया।
कोहली ने बच्चों को अपने सपनों के बारे में ईमानदार रहने की सलाह दी। उन्होंंने कहा- अगर आपको लक्ष्य पता है, तो पूरी मेहनत और सच्चाई से उसी रास्ते पर चलना चाहिए। कोहली ने बताया कि उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही तय कर लिया था कि उन्हें क्रिकेट में कॅरियर बनाना है।

8 साल से अकादमी में प्रैक्टिस कर रहे
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कोहली ने कहा- वह 8 साल की उम्र से अकादमी में प्रैक्टिस कर रहे हैं और आज भी जब समय मिलता है, यहां जरूर आते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से और भी खिलाड़ी निकलेंगे जो देश का नाम करेंगे।वहीं कोच राजकुमार शर्मा ने भी खुशी जताते हुए कहा- उन्हें पूरा भरोसा है कि इस नई अकादमी से में कई अच्छे खिलाड़ी तैयार होंगे, जैसे विराट कोहली बने हैं।

8 पारी में 351 रन
अगर उनके मौजूदा फॉर्म की बात करें, तो कोहली इस IPL 2026 सीजन में 8 पारियों में 351 रन बनाए हैं और उनकी औसत 58 से ज्यादा की है।

