कोहली–मिचेल मोमेंट: जब विराट ने तालियों के साथ डेरेल को दिया फेयरवेल पुश, VIDEO वायरल
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंदौर में खेले गए भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे वनडे मैच के दौरान क्रिकेट फैंस को एक मजेदार और यादगार पल देखने को मिला। विराट कोहली और न्यूजीलैंड के डेरेल मिचेल के बीच हुई हल्की-फुल्की नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
मिचेल ने 137 रन की पारी खेली
तीसरे वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड के बैट्समैन मिचेल शानदार फॉर्म में नजर आए। उन्होंने 137 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 3 छक्के शामिल थे। मिचेल भारतीय बाॅलर के खिलाफ काफी सहज दिखे और अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

मिचेल पारी के 45वें ओवर में आउट हुए। जब मिचेल मैदान से बाहर जा रहे थे, तब बाउंड्री के पास खड़े कोहली ने तालियां बजाकर उनकी तारीफ की। इसी दौरान दोनों के बीच थोड़ी बातचीत हुई और फिर मजाक में कोहली ने मिचेल को हल्का सा धक्का देकर मैदान से बाहर जाने का इशारा किया। यह पल इतना मजेदार था कि मिचेल खुद भी हंस पड़े और स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी खुश हो गए।
मिचेल और फिलिप्स के बीच 219 रन पार्टनरशिप
मैच की बात करें तो भारत के लिए अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लिए। हालांकि मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की शानदार शतकीय पारियों ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट पर 337 रन तक पहुंचा दिया। फिलिप्स ने सिर्फ 88 गेंदों में 106 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 219 रन की बड़ी साझेदारी हुई।

न्यूजीलैंड ने 2-1 से सीरीज जीती
न्यूजीलैंड ने भारत में अपनी पहली वनडे सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया है। 3 ODI की सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार (18 जनवरी) को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला गया। यह मैच न्यूजीलैंड ने 41 रन से जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। इस मैच में विराट कोहली ने शतक लगाया। यह उनकी इंटरनेशनल क्रिकेट में 85वीं सेंचुरी है।


