क्या पाकिस्तानी लीग खेलेंगे विधु विनोद चोपड़ा के बेटे: ऑक्शन लिस्ट में नाम आया; अग्नि चोपड़ा ने सफाई में कहा- मेरा फोकस सिर्फ अमेरिकी क्रिकेट पर
Published: Updated:
2 min read

बॉलीवुड फिल्ममेकर विधु विनोद चोपड़ा ने 12th फेल और मिशन कश्मीर जैसी कई फिल्में बनाई हैं। (फाइल फोटो)
एंटरटेनमेंट/स्पोर्ट्स डेस्क. बॉलीवुड फिल्ममेकर विधु विनोद चोपड़ा के बेटे अग्नि देव चोपड़ा के पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में खेलने की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि, अग्नि ने इन खबरों को फेक बताया है। उन्होंने कहा है कि उनका पूरा फोकस सिर्फ अमेरिकी क्रिकेट पर है।
PSL 2026 के लिए ऑक्शन 11 फरवरी को होने वाली है। PSL की ऑफिशियस वेबसाइट पर ऑक्शन के लिए रजिस्टर्ड खिलाड़ियों की एक लिस्ट शेयर की गई है। इसी में अग्नि का नाम भी मेंशन है।
हालांकि, अग्नि और उनकी मां अनुपमा चोपड़ा (फिल्म क्रिटिक) ने इन खबरों को गलत बताया है। अग्नि ने कहा- मेरे नाम से एक टूर्नामेंट को लेकर फर्जी और भ्रामक खबरें फैलाई जा रही है। मैं क्लियर करना चाहता हूं कि मैंने PSL के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। मैं पूरी तरह से अमेरिका में अपने क्रिकेट करियर पर ध्यान दे रहा हूं। मैं सभी से रिक्वेस्ट करता हूं कि अफवाहों पर ध्यान ना दें।
उनकी मां अनुपमा चोपड़ा ने भी यही स्टोरी अपने सोशल मीडिया पर शेयर की। फिलहाल विधु विनोद चोपड़ा की ओर से इस मामले पर कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है।
कैसे शुरू हुई अफवाह
दरअसल, PSL 2026 की ऑक्शन लिस्ट में अग्नि को अमेरिकी नागरिक बताते हुए 6 लाख पाकिस्तानी रुपए बेस प्राइस पर रजिस्टर किया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर खबर फैल गई कि वह पाकिस्तान लीग में खेलने जा रहे हैं। लोग यह मानने लगे कि अग्नि पाकिस्तानी टी20 लीग का हिस्सा बन सकते हैं।
दरअसल, अग्नि देव चोपड़ा अमेरिकी नागरिक हैं। इसलिए नियमों के अनुसार वे दुनिया की किसी भी टी20 लीग में भाग ले सकते हैं। लेकिन, वे मूल रूप से भारतीय हैं। इस वजह से उनका पाकिस्तान की टूर्नामेंट में खेलना गलत माना जा रहा है।

पाकिस्तानी लीग में खेलना गलत क्यों
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान तनाव का असर अब क्रिकेट पर देखने को मिला है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के मैचों का भारत में प्रसारण रोकने का फैसला लिया था। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के खिलाफ मैच खेलने से इनकार भी कर दिया है। इसी बीच अग्नि का नाम PSL ऑक्शन लिस्ट में आना विवादास्पद माना जा रहा है।

