होटल में प्याज काटने वाला अब पाकिस्तान में हीरो: उस्मान तारिक की कहानी; उनके एक्शन पर कई सवाल उठे
Published:
3 min read

पाकिस्तान के क्रिकेटर उस्मान तारिक आज वह नेशनल टीम के मेंबर हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के क्रिकेटर उस्मान तारिक की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। आज वह नेशनल टीम के मेंबर हैं। अपनी स्पिन से बल्लेबाजों को परेशान करते हैं। लेकिन यहां तक पहुंचने का सफर बहुत मुश्किलों भरा रहा है।
कभी वह दुबई में होटल की रसोई में काम करते थे, तो कभी रोजगार की तलाश में दूसरे देशों में भटके। हाल ही में उनकी बॉलिंग एक्शन पर सवाल भी उठे, लेकिन मुश्किल हालात उनके लिए नई बात नहीं हैं।
बचपन से मेहनतकश
उस्मान का जन्म पेशावर में हुआ। बचपन में ही पिता का इंतकाल हो गया। घर की हालत ठीक नहीं थी। पैसों की कमी थी। परिवार चलाने के लिए उस्मान को बहुत कम उम्र में काम के बारे में सोचना पड़ा।कम उम्र में ही वह काम की तलाश में काबुल (अफगानिस्तान) चले गए। वहां ठंड, परेशानी और बेरोजगारी का सामना करना पड़ा। कई बार निराशा हाथ लगी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

दुबई की मुश्किल जिंदगी
बाद में उस्मान अपने कजिन हसीब उर रहमान के पास दुबई पहुंचे। वहां वह सोनापुर इलाके में मजदूरों के साथ रहने लगे। उस्मान को एक होटल की रसोई में नौकरी मिली। दिनभर वह प्याज काटते और खाना बनाने में मदद करते थे।काम बहुत थकाने वाला था। रहने की जगह छोटी थी। लेकिन क्रिकेट उनके दिल में हमेशा जिंदा रहा। जब भी वक्त मिलता, क्रिकेट खेलने निकल जाते।

एक छोटा बदलाव
कुछ समय बाद उन्हें कार पार्ट्स की कंपनी में नौकरी मिल गई। नौकरी बेहतर थी, लेकिन क्रिकेट के लिए समय कम हो गया। फिर भी उन्होंने खेलना नहीं छोड़ा। दुबई में ही उन्होंने पेशावर जाल्मी के टैलेंट हंट में हिस्सा लिया। वहां उनका प्रदर्शन अच्छा रहा। हालांकि नौकरी के कारण वह आगे नहीं बढ़ पाए।

पेसर से स्पिनर तक
गलियों में खेले जाने वाले स्ट्रीट क्रिकेट ने उनकी किस्मत बदल दी। यहीं उस्मान ने तेज गेंदबाजी छोड़कर स्पिन गेंदबाजी शुरू की। उनकी गेंदें बल्लेबाजों को परेशान करने लगीं।

फिर सबसे बड़ा फैसला
2017 में उस्मान ने जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला लिया। दुबई की नौकरी छोड़ दी और पाकिस्तान लौट आए। फैसला बहुत जोखिम भरा था, क्योंकि वही अपने परिवार की कमाई का जरिया थे। हालांकि उन्हें भरोसा था कि बड़ा जोखिम ही बड़ा इनाम देगा। उस्मान ने पाकिस्तान टीम में जगह बनाई। अपने दूसरे ही इंटरनेशनल मैच में उन्होंने हैट्रिक ली। ILT 20 लीग में डेजर्ट वाइपर्स की जीत में भी उनका बड़ा योगदान रहा। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में कैमरन ग्रीन उनकी बॉल पर आउट हुए थे। डग आउट में लौटते वक्त ग्रीन ने कई बार इशारा किया कि तारिक चकिंग करते हैं। हालांकि, ICC ने अब तक इस पर कोई स्टैंड नहीं लिया है।


