तारिक बॉलिंग के वक्त हाथ रोके, तो बैटर हट जाए: पाकिस्तानी स्पिनर के खिलाफ अश्विन का गुरुमंत्र, बोले- मुसीबत अंपायरों की होगी
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक का एक्शन विवादों में है। कुछ लोग इसे सही बता रहे हैं, तो ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के मौजूदा प्लेयर्स को तारिक के एक्शन से बहुत दिक्कत है।
जाहिर तौर पर तारिक के बॉलिंग एक्शन को लेकर राय बंटी हुई हैं। अब रविवार को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। पाकिस्तान के फैन्स और कप्तान सलमान अली आगा तारिक को तुरुप का इक्का करार दे रहे हैं। टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन तारिक के एक्शन को ICC रूल्स के मुताबिक सही तो मानते हैं, लेकिन वो उसे ‘इक्के से गुलाम’ बनाने का गुरुमंत्र भी दे रहे हैं।
अश्विन ने क्या कहा
एक पॉडकास्ट के दौरान अश्विन ने कहा- तारिक से निपटना है तो इसका एक तरीका है। अगर ICC की नजर में उसका एक्शन लीगल है तो बैटर्स के पास भी एक ऑप्शन है, और वो भी लीगल ही है।
तो करना क्या है…
अश्विन कहते हैं- अगर बॉलिंग के वक्त तारिक हाथ रोकता है तो बैटर को स्टांस से हट जाना चाहिए। अंपायर पूछे तो बैटर उससे कहे- मुझे क्या पता कि ये कब बॉल डिलीवर करेगा? हर बार तो ये हाथ रोक लेता है…..। ऐसे में अंपायर्स की मुश्किल बढ़ जाएगी, क्योंकि ये बैटर का हक है कि वो रिदम में बॉल फेस करे।
अश्विन आगे कहते हैं- मैं होता तो यही करता? आखिर सब जीतने के लिए ही तो खेलते हैं और इसमें ICC का कोई रूल भी नहीं टूटता। लिहाजा, ये ट्रिक आजमाई जा सकती है। पाकिस्तान के तुरुप के इक्के को गुलाम बनाया जा सकता है। सारी मुसीबत अंपायर और तारिक की हो जाएगी। उन्हें फौरन ही कोई फैसला लेना होगा।
बता दें कि हालिया पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान कैमरन ग्रीन जब आउट हुए थे तो उन्होंने तारिक के एक्शन पर गंभीर आपत्ति जताई थी। हालांकि, पाकिस्तानी फैंस ने उन्हें ट्रोल किया था।

