मैें पाकिस्तान का वो लड़का हूं, जिसने ये कर दिखाया: ख्वाजा ने क्रिकेट से संन्यास लेकर कसा तंज; सिडनी में आखिरी टेस्ट खेलेंगे
Published: Updated:
2 min read

ICC टेस्ट चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशेज सीरीज के बीच ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा ने क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 39 साल के उस्मान ने कहा कि सिडनी टेस्ट उनके करियर का आखिरी मैच होगा। इसी के साथ ख्वाजा ने तंज कसते हुए कहा कि मैें पाकिस्तान का वो अश्वेत लड़का हूं, जिसने ऑस्ट्रेलिया के लिए क्रिकेट खेला है। सभी कहते थे कि तुम नहीं खेल पाओगे, लेकिन मैंने यह कर दिखाया। बाकी भी यह कर सकते हैं।
इस बयान के साथ ख्वाजा ने नस्लभेदी मामले को फिर से उठाया है। पाकिस्तानी मूल के इस क्रिकेटर ने इसी मैदान से टेस्ट डेब्यू किया था। अब इसी ग्राउंड पर आखिरी मैच भी खेलेगा। ख्वाजा का जन्म 18 दिसंबर 1986 को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुआ था। उनके पिता बेहतर लाइफ की तलाश में ऑस्ट्रेलिया आए थे।
दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई टीम इस समय अपने घर में इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की एशेज सीरीज खेल रही है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही सीरीज पर 3-1 से कब्जा जमा लिया है। अब आखिरी मुकाबला 4 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। यह ख्वाजा के करियर का आखिरी मैच होगा।
क्रिकेट के जरिए कल्पना से कहीं ज्यादा मिला
ख्वाजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- भगवान ने मुझे क्रिकेट के जरिए मेरी कल्पना से भी कहीं ज्यादा दिया है। इन यादों को संजोकर रखूंगा। इस खेल ने मुझे बेहतरीन दोस्त और अनुभव दिए हैं। किसी भी व्यक्ति के करियर में कई लोगों का हाथ होता है। मेरे ऊपर माता-पिता का हाथ था, जिन्होंने मुझे हमेशा सपोर्ट किया।
ख्वाजा 100वां टेस्ट नहीं खेल पाएंगे
पाकिस्तानी मूल के ख्वाजा पहले मुस्लिम प्लेयर हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट खेला है। उन्होंने 2011 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। पहला मैच इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी टेस्ट था। अब आखिरी इंटरनेशनल मैच भी सिडनी टेस्ट ही होगा। ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 87 टेस्ट मैच खेले हैं।
इसमें ख्वाजा ने 43.39 की औसत से 6206 रन बनाए हैं। इस दौरान 16 सेंचुरी लगाईं। इस तरह ख्वाजा करियर में 100वां टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। ख्वाजा ने 40 वनडे में 42 की औसत से 1554 रन बनाए। उन्होंने 9 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेले, जिसमें 241 रन अपने नाम किए। वनडे में 2 शतक लगाए।

