क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों का हमला: कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सीनियर अंपायर की मौत; UP के उन्नाव का मामला
Published:
2 min read

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सीनियर अंपायर माणिक गुप्ता (फोटो क्रेडिट -सोशल मीडिया )
स्पोर्ट्स डेस्क. उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। यह इंसीडेंट गंगाघाट नगर परिषद क्षेत्र के सप्रू क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। मधुमक्खियों के हमले में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सीनियर अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई।
खबरों के मुताबिक स्टेडियम में यंग मेंस क्रिकेट क्लब (YMCC) और पैरामाउंट टीमों के बीच मैच चल रहा था। पहली इनिंग खत्म हो चुकी थी। दूसरी इनिंग शुरू हो चुकी थी। कुछ ओवर के बाद ड्रिंक्स ब्रेक लिया गया। अचानक मैदान पर मधुमक्खियों का झुंड आ गया और खिलाड़ियों और अंपायरों पर हमला कर दिया।
संभलने का मौका नहीं मिला
खिलाड़ी और अंपायर मधुमक्खियों से खुद को बचाने के लिए जमीन पर लेट गए। मधुमक्खियों ने डंक मारना शुरू कर दिया। कई लोग घायल हो गए। को-अंपायर सुनील कुमार निषाद ने बताया कि हमला इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। वहां मौजूद सभी प्लेयर और अंपायर घायल हो गए।
इसी बीच अंपायर माणिक गुप्ता की हालत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत शुक्लागंज हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें हैलट हॉस्पिटल भेजा गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। माणिक गुप्ता कानपुर के फीलखाना इलाके के रहने वाले थे। वे लंबे समय से अंपायरिंग कर रहे थे।

