जीत के जश्न का भोजपुरिया अंदाज: अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम इंडिया का डांस धमाल, वैभव-साथियों का VIDEO वायरल
Published:
3 min read

भारत की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को फाइनल में 100 रनों से हराकर वर्ल्ड कप अपने नाम किया।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत ने छठवीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत लिया है। ऐतिहासिक जीत के हीरो बने 14 साल के वैभव सूर्यवंशी। उन्होंने न सिर्फ फाइनल मैच में रिकॉर्डतोड़ पारी खेली, बल्कि जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में भी देसी अंदाज में डांस किया। मैदान पर बल्ले से धमाल और ड्रेसिंग रूम में भोजपुरी गानों पर डांस – वैभव इस जीत की जान बन गए।
जो भी है सूर्यवंशी की वजह से है
भारत की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को फाइनल में 100 रनों से हराकर वर्ल्ड कप अपने नाम किया। इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे वैभव। मैच खत्म होते ही टीम के ड्रेसिंग रूम में जश्न शुरू हो गया। इसी दौरान वैभव ने इंस्टाग्राम लाइव किया, जिसमें पूरी टीम खुशी से झूमती नजर आई।

लाइव के दौरान वैभव सीधे कप्तान आयुष म्हात्रे के पास पहुंचे और उनसे पूछा कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं। इस पर कप्तान ने बड़ी सादगी से कहा- जो कुछ भी हमने हासिल किया है, वो वैभव की वजह से है।
यह सुनते ही ड्रेसिंग रूम तालियों और शोर से गूंज उठा। इसके बाद वैभव ने मशहूर भोजपुरी गानों पर डांस शुरू कर दिया, जिसने जश्न को और भी खास बना दिया।
अगर मैच की बात करें वैभव ने फाइनल में ऐसा खेल दिखाया, जिसे लंबे वक्त तक याद रखा जाएगा। उन्होंने सिर्फ 80 गेंद में 175 रन बना दिए। इस शानदार पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए। उनके खेल की बदौलत भारत ने 9 विकेट पर 411 का विशाल स्कोर खड़ा किया।वैभव ने अपना शतक सिर्फ 55 गेंदों में पूरा किया। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे तेज शतक है और पूरे टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरा सबसे तेज। उनकी इस पारी ने इंग्लैंड की टीम को पूरी तरह दबाव में ला दिया।
7 मैच में 439 रन
इस वर्ल्ड कप में भी वैभव का प्रदर्शन कमाल का रहा। उन्होंने 7 मैचों में 439 रन बनाए। औसत 62.71 और स्ट्राइक रेट 169.49 रहा। उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक रहे। इसी के चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ और फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब मिला।

इंग्लैंड को 100 रन से हराया
इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन ही बना सकी। इस तरह इंडिया ने 100 रन से मैच और खिताब अपने नाम किया। इंग्लैंड की ओर से फॉकनर ने 67 बॉल पर 115 रन बनाए। बेन डॉकिन्स ने 56 बॉल पर 66 की पारी खेली।

