UAE का हेड कोच भारतीय: असिस्टेंट कोच और कप्तान भी पाकिस्तानी, इस स्क्वॉड में क्या कुछ खास
Published:
2 min read

UAE टीम ने अब तक (10 फरवरी) इस टी20 वर्ल्ड कप में एक मैच खेला है। इसमें न्यूजीलैंड के हाथों 10 विकेट से हार मिली। (@UAE)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंडिया-पाकिस्तान मैच को लेकर लगातार कंट्रोवर्सी चल रही है। पहले पाकिस्तान सरकार ने टीम इंडिया के खिलाफ मैच का बायकॉट किया था। हालांकि जब ICC ने कई प्रतिबंध लगाने को लेकर वॉर्निंग दी तो पाकिस्तान ने यूटर्न ले लिया और मैच खेलने के लिए राजी हो गए। इन सबके बीच हम एक ऐसी टीम के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके हेड कोच भारतीय हैं।
जबकि असिस्टेंट कोच और कप्तान पाकिस्तानी हैं। यह टीम कोई और नहीं बल्कि UAE है, जिसने अब तक (10 फरवरी) इस टी20 वर्ल्ड कप में एक मैच खेला है। इसमें न्यूजीलैंड के हाथों 10 विकेट से हार मिली।
टीम के हेड कोच लालचंद
UAE टीम के हेड कोच लालचंद राजपूत हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 2 टेस्ट और 4 वनडे खेले। पूर्व राइट हैंड बैटर लालचंद ने 110 फर्स्ट क्लास और 61 लिस्ट ए मैच खेले थे।
दूसरी ओर इस टीम के असिस्टेंट कोच यासिर अराफात हैं। इस पूर्व ऑलराउंडर ने पाकिस्तान के लिए 3 टेस्ट और 11 वनडे खेले थे।
इस टीम में कोई कंट्रोवर्सी वाली बात नहीं
UAE की इस वर्ल्ड कप वाली टीम में 7 भारतीय खिलाड़ी खेल रहे हैं। इस टीम के कप्तान मोहम्मद वसीम का जन्म पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के मियां चन्नू शहर में हुआ था। वसीम UAE शिफ्ट हुए और अब इसी टीम के लिए खेल रहे हैं।
वसीम ने इस वर्ल्ड कप में आगाज से पहले कहा था- इस टीम में भारत और पाकिस्तान को लेकर कोई विभाजन नहीं है। हम सब UAE के लिए खेल रहे हैं। भारत और पाकिस्तान को लेकर किसी भी तरह की कंट्रोवर्सी हमारी टीम में नहीं है। हम पूरी तरह से तैयारी करके आए हैं और कुछ मैच जीतने के इरादे से उतरेंगे।
UAE की टीम:
मोहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, अर्यांश शर्मा, ध्रुव पाराशर, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मयंक कुमार, मोहम्मद अरफान, मोहम्मद फारूक, मोहम्मद जवादुल्लाह, मोहम्मद जोहैब, रोहिद खान, सोहैब खान और सिमरनजीत सिंह।

