U19 वर्ल्ड कप 2026 कल से: 16 टीमें, 39 मैच; इंडिया-पाकिस्तान मैच होगा या नहीं, जानिए शेड्यूल और बाकी सबकुछ
Published:
4 min read

भारतीय अंडर-19 टीम ने हाल ही में साउथ अफ्रीका U19 टीम को तीन वनडे की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज कल (15 जनवरी) होगा। टूर्नामेंट की मेजबानी अफ्रीका के 2 देश जिम्बाब्वे और नामीबिया कर रहे हैं। दूसरी ओर एक बार फिर क्रिकेट फैन्स को इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का इंतजार है। इन दोनों टीमों के बीच मैच होगा या नहीं? यदि होगा तो किस दिन होगा?
कौन-कौन सी और कितनी टीमें अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में खेल रही हैं। टूर्नामेंट कब से कब तक होगा और कितने वेन्यू पर होगा। इसका क्या फॉर्मेट है। आइए जानते हैं इन सभी सवालों के जवाब…
ये वर्ल्ड कप कब से कब तक होगा
अंडर-19 ODI वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 15 जनवरी को होगा। जबकि फाइनल 6 फरवरी को खेला जाएगा।
कितनी टीमें और ग्रुप होंगे
टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें होंगी, जिन्हें 4 ग्रुप में बांटा जाएगा। इंडिया और पाकिस्तान को इस बार अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है।
- ग्रुप-A: ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, जापान, श्रीलंका
- ग्रुप-B: बांग्लादेश, भारत, न्यूजीलैंड, अमेरिका
- ग्रुप-C: इंग्लैंड, पाकिस्तान, स्कॉटलैंड, जिम्बाब्वे
- ग्रुप-D: अफगानिस्तान, साउथ अफ्रीका, तंजानिया, वेस्टइंडीज
सभी टीमें कितने मैच खेलेंगी
इस बार अंडर-19 ODI वर्ल्ड कप में कुल 16 टीमें होंगी, जो आपस में फाइनल समेत 39 मैच खेलेंगी। इनमें शुरुआती 24 मैच ग्रुप स्टेज के होंगे। इसके ठीक बाद एक मैच 16वें नंबर के लिए होगा। फिर सुपर-6 राउंड में 13 मैच खेले जाएंगे।
इसके बाद टॉप-4 टीमों के बीच 2 सेमीफाइनल होंगे। आखिर में 6 फरवरी को फाइनल होगा।
सभी मैच कितने वेन्यू पर होंगे
इस बार यह अंडर-19 ODI वर्ल्ड कप 2026 जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जा रहा है। इस बार सभी 39 मुकाबले 5 वेन्यू पर होंगे। इनमें जिम्बाब्वे के 3 वेन्यू होंगे। हरारे के दो स्टेडियम हरारे स्पोर्ट्स क्लब और ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब के साथ बुलावायो के क्वीन स्पोर्ट्स क्लब में मैच होंगे।
बाकी मुकाबले नामीबिया की राजधानी विंडहॉक के 2 स्टेडियम में होंगे। यह वेन्यू नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड और हाई परफॉर्मेंस ओवल हैं।
टूर्नामेंट का फॉर्मेट क्या होगा
- 50-50 ओवर के इस वर्ल्ड कप में सभी टीमें ग्रुप स्टेज में 3-3 मैच खेलेंगी। हर ग्रुप से टॉप-3 टीमें सुपर-6 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 6-6 टीमों के दो ग्रुप होंगे। इस राउंड में हर एक टीम 2-2 मैच खेलेंगी।
- सुपर-6 राउंड में ग्रुप-A और ग्रुप-B की टीमों का एक ग्रुप बनाया जाएगा। इसी तरह दूसरे ग्रुप में ग्रुप-C और ग्रुप-D की टीमों को रखा जाएगा।
- इस राउंड में कोई भी टीम अपने पिछले ग्रुप की टीम से मैच नहीं खेलेगी। साथ ही दूसरे ग्रुप की उस एक टीम से मैच नहीं खेलेगी, जो उसी की रैंक के साथ क्वालिफाई की है।
- मिसाल के तौर पर ग्रुप-ए में नंबर-1 रहते हुए क्वालिफाई करने वाली टीम का मैच ग्रुप-बी की टॉपर टीम से नहीं होगा। उसके मैच ग्रुप-बी की दूसरे और तीसरे नंबर की टीम से होंगे। सुपर-6 राउंड में दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
इंडिया-पाकिस्तान का मैच होगा या नहीं
भारतीय टीम ग्रुप-बी में है, जबकि पाकिस्तान ग्रुप-सी में है। ग्रुप स्टेज में दोनों का मुकाबला नहीं होगा, लेकिन दोनों टीमें सुपर-6 राउंड के लिए क्वालिफाई करती हैं तो मैच हो सकता है। या फिर सेमीफाइनल और फाइनल में भी मुकाबले की संभावना है।
ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम का शेड्यूल
टीम इंडिया पहला मैच 15 जनवरी को USA के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मैच 17 जनवरी को बांग्लादेश से और तीसरा मैच 24 जनवरी को न्यूजीलैंड से होगा। तीनों मैच बुलावायो में खेले जाएंगे।
मैच की टाइमिंग क्या होगी
सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से खेले जाएंगे। जबकि टॉस आधा घंटे पहले यानी 12.30 पर होगा।
वर्ल्ड कप के सभी मैच कहां देख सकेंगे
वर्ल्ड कप के मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर लाइव दिखाए जाएंगे। मोबाइल यूजर्स जियो होटस्टार पर लाइव देख सकेंगे। भारतीय मैचों के लाइव अपडेट्स राज एक्सप्रेस पर भी उपलब्ध रहेंगे।

