U19 WC Semi Final Scenario: पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचना है तो भारत को हराना होगा, इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मैच से भी होगी यह उम्मीद
Published:
3 min read

भारत और पाकिस्तान के बीच एक फरवरी को मैच खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो का मुकाबला हो सकता है।
स्पोर्ट्स डेस्क। ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर सिक्स मुकाबला इस रविवार (1 फरवरी) को खेला जाएगा। जिम्बाब्वे के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में यह मैच होगा। पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें पूरी तरह से इस मैच पर टिकी हैं। टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए पाकिस्तान को यह मैच बड़े अंतर से जीतने की जरूरत पड़ सकती है।
दरअसल, ग्रुप-2 की 6 में से 3 टीमें सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई हैं। महज भारत, इंग्लैंड और पाकिस्तान के पास ही अगले राउंड में पहुंचने का मौका है। इनमें से किन्हीं दो टीमों को ही सफलता मिलनी है।
ग्रुप-2 में भारत और इंग्लैंड दोनों के 6-6 अंक हैं। बेहतर नेट रन रेट के चलते भारत टॉप पर है। उसका नेट रन रेट 3.337 है। वहीं, इंग्लैंड का नेट रन रेट 1.989 है। पाकिस्तान 4 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। उसका नेट रन रेट 1.484 है। सुपर सिक्स स्टेज में तीनों ही टीमों का एक-एक मुकाबला बाकी है। ऐसे में पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें इन दो समीकरणों पर निर्भर करती है...
- आज इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का मुकाबला है। अगर इंग्लैंड की टीम को न्यूजीलैंड से हार मिलती है और यह हार बड़े अंतर से होती है तो पाकिस्तान को काफी हद तक राहत मिलेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि ऐसे में पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत के खिलाफ अपने आखिरी मैच में महज जीत की दरकार होगी। उसे यह मुकाबला ज्यादा अंतर से जीतने की जरूरत नहीं होगी।
- अगर इंग्लैंड आज का मैच न्यूजीलैंड से जीत जाती है तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। ऐसे में ग्रुप-2 से सेमीफाइनल का महज एक स्पॉट बचेगा जो भारत और पाकिस्तान में से किसी एक को ही मिलेगा। अब चूंकि भारत के पास ऑलरेडी पाकिस्तान से दो अंक ज्यादा हैं और रन-रेट भी बेहतर है तो PAK टीम को न केवल यह मैच जीतना होगा बल्कि बेहद बड़े मार्जिन से जीत दर्ज करनी होगी। इसके लिए अंपायर रिचर्ड केटेलबोरौ ने 8 कंडीशन बताई हैं...

इन कंडीशन से साफ जाहिर है कि अगर पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचना है और अगर उसे पहले गेेंदबाजी मिलती है तो उसे भारत को 200 से पहले रोकना होगा, ताकि वह 28 ओवर में जीत दर्ज कर सके। उसी तरह अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है तो उसे 300+ स्कोर बनाना होगा ताकि वह 72 या 96 रन से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल टिकट पक्की कर सके।

