U-19 वर्ल्ड कप 2008 में कोहली से ज्यादा रन : IPL में 18 साल पहले पंजाब के लिए 7 मैच खेले- अब अंपायर के रोल में नजर आ रहे
Published:
3 min read

2025 में तन्मय IPL में अंपायर बनने वाले पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जो इस लीग में खेल भी चुके हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. तन्मय यानी एकाग्र होकर, पूरा मन लगाकर किसी लक्ष्य को पाने का प्रयास। अब बतौर खिलाड़ी क्रिकेट से दूर होकर तन्मय पूरे तन्मय होकर अंपायर बन चुके हैं।
2008 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में एक ऐसा खिलाड़ी था, जिसने रन बनाने के मामले में विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया था। नाम था- तन्मय श्रीवास्तव। इसके बाद तन्मय IPL भी खेले। आज तन्मय का खास तौर पर जिक्र इसलिए कि इस लीग में बतौर प्लेयर के बाद अब वो बतौर अंपायर नजर आ रहे हैं।
IPL में पंजाब के लिए खेले
18 साल पहले तन्मय ने IPL में पंजाब टीम के लिए खिलाड़ी के रूप में मैदान पर कदम रखा था। 28 अप्रैल 2026 को वही तन्मय उसी मैदान पर बतौर अंपायर लौटे। वही मैदान, वही टूर्नामेंट, लेकिन रोल अलग।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में 262 रन
2008 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में तन्मय ने 6 मैच में 262 रन बनाए थे। उस टीम के कप्तान विराट कोहली थे। उन्होंने 6 मैच में 235 रन बनाए थे।
पंजाब के लिए 7 मैच खेले
वर्ल्ड कप के बाद तन्मय को IPL में मौका मिला। उन्होंने पंजाब टीम के लिए 2 सीजन में 7 मैच खेले। बाद में उन्होंने कोच्चि टस्कर्स और डेक्कन चार्जर्स के लिए भी खेला। उनका IPL करियर छोटा रहा। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने 90 फर्स्ट क्लास मैच खेले और लगभग 5000 रन बनाए।
तन्मय ने 2020 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया। इसके बाद RCB के लिए स्काउट बने। नेशनल क्रिकेट अकादमी में कोचिंग दी। जम्मू-कश्मीर टीम के साथ भी जुड़े रहे।
पहले इसी लीग में खेले
2025 में तन्मय IPL में अंपायर बनने वाले पहले ऐसे खिलाड़ी बने, जिन्होंने पहले इस लीग में खेला भी था। शुरुआत में उन्होंने टीवी और चौथे अंपायर की भूमिका निभाई।
2026 में उन्हें ऑन-फील्ड अंपायर बनने का मौका मिला। 28 अप्रैल 2026 को उन्होंने पहली बार मैदान पर अंपायरिंग की। यह उनके लिए खास पल था क्योंकि यही वह मैदान था जहां उन्होंने अपने IPL करियर की शुरुआत की थी।

अब रेग्युलर रोल
IPL 2026 में तन्मय को चार मैचों में अंपायरिंग का मौका मिला है। इनमें से एक मैच 10 मई को राॅयल चैलेजर बेंगलुरु और मुंबई के बीच होगा। यह मैच इसलिए खास है क्योंकि इसमें विराट कोहली खेलेंगे, जो कभी उनके कप्तान थे। एक समय दोनों साथ खेलते थे। अब एक प्लेयर रहेगा और दूसरा अंपायर।

