कोलंबो में छक्का मारेंगे, चेन्नई में बॉल गिरेगी: पूर्व भारतीय ओपनर ने कहा- पाकिस्तान वर्ल्ड कप खेलने आया तो बुरी तरह हारेगा
Published:
3 min read

टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाएगा। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 को शुरू होने में ज्यादा समय नहीं बचा है। टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा। इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बॉयकॉट की धमकी दी है। इस पर पूर्व भारतीय ओपनर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि पाकिस्तान टीम वर्ल्ड कप खेलने आएगी तो भारतीय टीम उसे बुरी तरह हराएगी।
श्रीकांत ने कहा कि टीम इंडिया कोलंबो में छक्का मारेगी, तो बॉल चेन्नई में जाकर गिरेगी। ऐसे में शर्मनाक हार से बचना है तो सबसे अच्छा तरीका है कि पाकिस्तान टीम खेलने ही ना आए।
कई टीमें वर्ल्ड कप खेलने से मना कर सकती हैं
पाकिस्तान टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेलेगी या नहीं। इसका फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी को हो सकता है। इस पर श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- भारतीय टीम ने हाल ही में एक टी20 मैच 15 ओवर में 209 रन बना दिए थे। इसी मैच में 10 ओवर में 150 स्कोर बनाया था। कई टीमें यह प्रदर्शन देखकर कह सकती हैं कि हम खेलने नहीं आएंगे। कप (ट्रॉफी) आप ही रख सकते हो।
उन्होंने कहा- अरे पाकिस्तान, मत आओ। तुम्हारा ही व्यक्ति मोहसिन नकवी यह बात कह रहा है- मत आओ। तुम्हारी बुरी तरह से हार होगी। कोलंबो में छक्का मारेंगे तो बॉल चेन्नई में गिरेगी। अलर्ट रहना। सबसे अच्छा ऑप्शन है दूर रहना। कोई बहाना ढूंढ लो और मत आओ (वर्ल्ड कप खेलने)।
श्रीकांत ने कहा- ये लड़के (भारतीय प्लेयर) बुरी तरह हराएंगे। उन्होंने हर एक क्रिकेट टीम को एक अलार्मिंग सिग्नल दिया है। T20 क्रिकेट में इस तरह की बैटिंग मैंने पहले कभी नहीं देखी।
बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाएगा। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।

