इंडिया की प्लेइंग-11 में 2 बदलाव संभव: संजू की एंट्री संभव; उपकप्तान अक्षर भी वापस आएंगे
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका ने 76 रन से शिकस्त दी। इसके बाद भारतीय टीम में कमजोर पॉइंट्स पर ध्यान गया। इसमें सबसे बड़ा मसला ओपनर अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह की फॉर्म का है।
अगले मैच में इन तीनों में से कोई एक बाहर हो सकता है। इनकी जगह संजू सैमसन को लाया जा सकता है। पूरी संभावना है कि अभिषेक या रिंकू को बैठाया जा सकता है। तिलक नंबर-3 पर टीम को ताकत देते हैं। वैसे रिंकू सिंह निजी कारणों से घर लौट गए हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो उनके पिता की तबीयत खराब है। ऐसे में उनके खेलने पर सस्पेंस है।
संजू आए तो कहां खेलेंगे
हालांकि यह टी20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका में ही हो रहा है। इंडिया को अगला मैच जिम्बाब्वे से चेन्नई में खेलना है। ऐसे में यदि रिंकू सिंह अवेलेबल रहे और प्लेइंग-11 में उन्हें खिलाया गया तब के सिनेरियो में अभिषेक को भी बाहर किया जा सकता है। ऐसे में अभिषेक की जगह संजू से ओपनिंग करवाई जा सकती है।
यदि रिंकू की जगह संजू को लाया गया तो उन्हें मिडिल ऑर्डर में आजमाया जा सकता है। संजू को ओपनिंग में लाने पर ईशान किशन को मिडिल ऑर्डर में भेजना पड़ेगा। सुपर-8 में इतने हेर-फेर की उम्मीद कम ही है। फिलहाल की स्थिति को देखते हुए रिंकू के बाहर होने की संभावना काफी ज्यादा है।
अक्षर की भी वापसी संभव
अगले मैच में उपकप्तान अक्षर पटेल की भी प्लेइंग-11 में एंट्री हो सकती है। उनके लिए वॉशिंगटन सुंदर को बाहर किया जा सकता है। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर को फिट होने के बावजूद पिछले मैच में नहीं खिलाया गया था, जिसकी काफी आलोचना हुई थी।
इस वर्ल्ड कप में तीनों का परफॉर्मेंस
- अभिषेक शर्मा शुरुआती तीन मैच में खाता नहीं खोल सके थे। वे लगातार तीन डक पर आउट हुए। इसके बाद चौथे मैच में 15 रन बनाए।
- तिलक वर्मा के शुरुआती 3 मैच में 25-25 रन रहे। नीदरलैंड्स के खिलाफ 31 और साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक रन बनाया।
- रिंकू सिंह लोअर ऑर्डर में यानी 5-6 विकेट के बाद बैटिंग के लिए आते हैं। उन्होंने 5 मैच में 29 बॉल खेलीं और सिर्फ 24 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के खिलाफ डक पर आउट हुए थे।
इस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।

