एक नहीं, 2 बातें और खास इशारा: जिम्बॉब्वे ने ऑस्ट्रेलिया और हमको सा. अफ्रीका ने हराया; दोनों बार ट्रॉफी हमने जीती
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पहली हार मिली है। रविवार (23 फरवरी) को अहमदाबाद में हुए मैच में साउथ अफ्रीका ने 76 रनों से शिकस्त दी। इस हार के बाद भारतीय टीम के साथ दूसरा शुभ संयोग जुड़ गया है।
इसी वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में जब जिम्बाब्वे की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर उलटफेर किया था। तब पहला संयोग बना था। यह दोनों संयोग टीम इंडिया के वर्ल्ड चैम्पियन बनने के हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में…

पहला संयोग: जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर बनाया
ICC वर्ल्ड कप (वनडे, टी20) में जब-जब जिम्बाब्वे की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है, तब-तब भारतीय टीम उस वर्ल्ड कप में चैम्पियन बनी है। यही वजह है कि वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिम्बाब्वे की जीत टीम इंडिया के लिए बेहद खास रही है।
जिम्बाब्वे ने तीन वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त दी है। इसमें से दो बार भारतीय टीम चैम्पियन बनी है। तीसरी जीत इसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की है। इसका सेमीफाइनल और फाइनल होना बाकी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

दूसरा संयोग: घरेलू वर्ल्ड कप में अफ्रीका से हारे
2011 का वनडे वर्ल्ड कप भारत की मेजबानी में ही खेला गया था। तब टीम इंडिया ने सिर्फ एक मैच हारा था, लेकिन खिताब जरूर जीता था। उस वर्ल्ड कप में इंडिया यह एकमात्र मैच साउथ अफ्रीका से ही हारी थी। इसके बाद फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था। तब महेंद्र सिंह धोनी कप्तान थे।
मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी भारतीय टीम अजेय चल रही थी, लेकिन सुपर-8 में उसे हार झेलनी पड़ी। यह मैच भी साउथ अफ्रीका के हाथों ही हारे हैं। ऐसे में यह दूसरा संयोग बन रहा है, जो हिंट दे रहा है कि टीम इंडिया चैम्पियन बन सकती है।
अफ्रीकी टीम ने इंडिया को 76 रन से हराया
सुपर-8 के मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम ने 7 विकेट पर 187 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। उसने 26 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से टीम जरा भी संभल नहीं सकी और 18.5 ओवर में 111 रन ही बना सकी। इस तरह अफ्रीका ने यह मैच 76 रन से जीत लिया।
टीम इंडिया की ओर से शिवम दुबे ने 37 बॉल पर सबसे ज्यादा 42 रनों की पारी खेली। उनके अलावा हार्दिक पंड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 18-18 रन बनाए। अफ्रीकी टीम के लिए मार्को यानसेन ने 4 और केशव महाराज ने 3 विकेट लिए। कॉर्बिन बॉश को 2 विकेट मिले।

