अब तमीम इकबाल बांग्लादेश क्रिकेट संभालेंगे: कभी इंडियन एजेंट कहा गया था; T20 वर्ल्ड कप बायकॉट के समय भारत से रिश्ते सुधारने की दी थी सलाह
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट का नया अध्याय शुरू हो गया है। पूर्व क्रिकेट तमीम इकबाल को बांग्लादेश क्रिकेट का बोर्ड प्रेसिडेंट बनाया गया है। तमीम बांग्लादेश में उन चंद लोगों में से थे, जिन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ रिश्ते बेहतर करने और क्रिकेट खेलने की सलाह दी थी। तब उन्हें इंडियन एजेंट तक कह दिया गया था। हालांकि, अब उनके हाथ में ही बांग्लादेश क्रिकेट की बागडोर होगी, ऐसे में बांग्लादेश के भारत से अच्छे रिश्ते होने की उम्मीद जताई जा रही है।
37 साल के तमीम के लिए यह नई जिम्मेदारी आसान नहीं है। फिल्हाल बांग्लादेश क्रिकेट पहले से ही विवादों और अंदरूनी खींचतान से गुजर रहा है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि तमीम क्रिकेट को कैसे संभालते हैं।
फैमिली का क्रिकेट कनेक्शन
तमीम इकबाल का जन्म 20 मार्च 1989 को चटगांव में हुआ था। उनका परिवार पहले से ही क्रिकेट से जुड़ा रहा है। फिर भी तमीम ने अपनी मेहनत से अलग पहचान बनाई। साल 2007 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ उनकी अच्छी इनिंग ने उन्हें रातों रात स्टार बना दिया था। उस मैच में उन्होंने 51 रन बनाए थे।

तीनों फॉर्मेट में सेंचुरी
रिकॉर्ड की बात करें तो तमीम बांग्लादेश के सबसे सफल बैटर माने जाते हैं। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 15,249 रन बनाए हैं। तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले देश के अकेले बैटर हैं। ओपनर के तौर पर उन्होंने कई साल तक टीम को मजबूत शुरुआत दी।
हालांकि, उनका करियर हमेशा आसान नहीं रहा। बोर्ड के साथ मतभेद और चोट की वजह से कई बार उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा। 2023 में उन्होंने अचानक रिटायरमेंट ले लिया था। उस दौरान वह भावुक होकर रो भी पड़े थे। बाद में वापसी भी की।

पिछले विवाद की याद
पिछले साल IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के मुस्ताफिजुर को अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन कुछ राजनीतिक कारणों की वजह से BCCI ने उन्हें खेलने की अनुमति नहीं दी। इस वजह से दोनों देशों के बीच क्रिकेट रिलेशन को लेकर तनाव आ गए थे। इसी विवाद के कारण बांग्लादेश ने भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप का बायकॉट भी किया था। तब ICC ने बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था।

तमीम को इंडियन एजेंट कहा था
BCB के बॉयकॉट के मामले में तमीम ने कहा कि जल्दबाजी में स्टेटमेंट देना सही नहीं है। अगर सभी लोग मिलकर बात करें, तो कई समस्याओं का हल निकाला जा सकता है। फैसले बांग्लादेश क्रिकेट के भविष्य को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए। BCB के पूर्व डायरेक्टर नजमुल इस्लाम ने पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को भारतीय एजेंट कहा था।

