पाकिस्तानी प्लेयर्स के पैर कांप रहे थे...: शाहिद अफरीदी को 2011 वर्ल्ड कप याद आया, कहा- मोहाली का माहौल अलग था
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ...उस दिन मोहाली में काफी शोर था। हमने कभी ऐसा माहौल देखा ही नहीं था। भारतीय फैंस से हमारे प्लेयर सहमे नजर आ रहे थे । वे क्रीज में जाने से घबरा रहे थे। उनके पैर कांप रहे थे।
ये कहना है पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का। अफरीदी 2011 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के कप्तान थे। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान सेमीफाइनल तक पहुंचा था। मोहाली में भारत से हारकर टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। अफरीदी ने 2011 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल को लेकर एक किस्सा शेयर किया।

ड्रेसिंग रूम में भी प्रेशर था
शाहिद अफरीदी ने कहा- उस मैच में इंडियन फैंस का बहुत शोर था। यह हमारे प्लेयर्स पर साफ दिख रहा था। ड्रेसिंग रूम में बैठे प्लेयर्स भी डरे हुए थे। जब तक हमारी टीम अच्छी हालत में थी। सब कुछ नॉर्मल लग रहा था। फिर विकेट गिरने लगे। स्टेडियम में इंडियन फैंस का शोर और भी बढ़ गया। हमारे कुछ बैटर तो क्रीज पर जाने से भी डर रहे थे।
पूर्व कप्तान ने कहा- किसी भी मैच में फैंस का सपोर्ट बहुत जरूरी होता है। लेकिन, उस दिन भारतीय फैंस का शोर पाकिस्तानी प्लेयर्स के लिए मेंटल प्रेशर था।

क्या हुआ था, उस मैच में
वर्ल्ड कप 2011 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 260 रन बनाए थे। सचिन तेंदुलकर ने 85 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान टीम 231 रन पर ऑल आउट हो गई थी। भारत ने मैच जीतकर फाइनल में जगह पक्की कर ली थी और फिर फाइनल में श्रीलंका को हराकर वनडे वर्ल्ड कप भी जीत लिया था।

इस बार पाकिस्तान का हाल
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 खिताब अपने नाम कर लिया है। इस बार टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का सफर सुपर 8 में खत्म हो गया था। उसने कमजोर टीमों के खिलाफ जीत हासिल की, जबकि बड़ी टीमों से शिकस्त मिली।
पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में नामीबिया, अमेरिका और नीदरलैंड्स को हराया। भारतीय टीम ने उसे हरा दिया था।
दूसरी ओर सुपर-8 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। इसके बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड से हार मिली। हालांकि आखिरी मैच में श्रीलंका को हराया था। वे श्रीलंका को जरूरी अंतर से हराने में नाकाम रहे। इसके बाद वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

