हार्दिक पंड्या के फैन हैं इटली के ऑलराउंडर ड्राका: पंड्या को रोल मॉडल मानते हैं, बोले- उनसे रॉयल ओक वॉच की कीमत पूछूंगा
Published:
2 min read

इटली के 25 साल के ऑलराउंडर थॉमस ड्राका हार्दिक पंड्या के बड़े फैन हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली पहली बार इस बड़े टूर्नामेंट में खेल रही है। इटली के एक खिलाड़ी के लिए यह वर्ल्ड कप खास इसलिए भी है क्योंकि यहां उसका सपना पूरा हो सकता है। यह सपना है टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या से मिलने का..
इटली के 25 साल के ऑलराउंडर थॉमस ड्राका हार्दिक पंड्या के बड़े फैन हैं। ड्राका मैदान पर निडर अंदाज में खेलने के लिए जाने जाते हैं। खुद मानते हैं कि हार्दिक की एनर्जी और स्टाइल उन्हें काफी इंस्पायर करता है। ड्राका का कहना है कि इस वर्ल्ड कप के दौरान अगर हार्दिक से मुलाकात हुई तो वह इसे अपने करियर का सबसे खास पल मानेंगे।
रॉयल ओक की कीमत पूछूंगा
थॉमस ड्राका ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया- उन्हें हार्दिक की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और मैदान पर रहने वाला कॉन्फिडेंस पसंद है। हार्दिक से मिलने पर वे उनकी रॉयल ओक घड़ी की कीमत पूछेंगे।
वे हार्दिक से ऑफ कटर और नकल बॉल के बारे में सीखना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले से एक डायरी में सवाल लिखकर रख रहे हैं ताकि मौका मिलने पर कुछ भी भूल न जाएं।

डेनिस लिली और कार्लोस ब्रेथवेट से ट्रेनिंग ली
ड्राका को क्रिकेट के बड़े नामों का साथ भी मिला है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पेसर डेनिस लिली उनके मेंटर रहे हैं। लिली ने उन्हें गेंदबाजी की बारीकियां सिखाईं। लिली ने उन्हें अपनी वर्ल्ड सीरीज वाली खास चेन दी है। ड्राका उसी चेन को पहनकर वर्ल्ड कप मैच खेल रहे हैं।
इसके अलावा 2016 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के हीरो कार्लोस ब्रेथवेट ने भी ड्राका को ट्रेन किया है। ड्राका कई बार बारबाडोस जाकर ब्रेथवेट के साथ प्रैक्टिस कर चुके हैं।
सुपर 8 का सपना..
फुटबॉल के लिए मशहूर इटली अब क्रिकेट में भी अपनी पहचान बनाना चाहता है। ड्राका का मानना है कि उनकी टीम इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज जैसे मजबूत विरोधियों के रहते भी सुपर 8 में पहुंच सकती है।
ड्राका का कहना है कि हार्दिक पांड्या जैसे किसी खिलाड़ी के एनर्जी लेवल तक पहुंचना आसान नहीं है। वे अपने गेम और करियर को आगे बढ़ाने के लिए हार्दिक के रास्ते पर चलना चाहते हैं। उनके लिए वर्ल्ड कप खुद को साबित करने का एक प्लेटफॉर्म है।


