टी20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल बदला: बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड खेलेगी मैच, और क्या चेंजेस हुए, देखिए
Published:
3 min read

स्कॉटलैंड को ICC टीम रैंकिंग के आधार पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जगह मिली है। (Photo- ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल में कुछ बदलाव किए हैं। यह चेंजेस बांग्लादेश टीम के बाहर होने के चलते हुए हैं। ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया है। इसी के चलते कुछ बदलाव हुए हैं। ICC ने नया शेड्यूल भी शेयर कर दिया है।
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को रखा
दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप के ग्रुप-सी में रखा गया था। उसके अलावा इस ग्रुप में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली की टीमें भी हैं। बांग्लादेश सरकार ने अपनी टीम को भारत दौरे पर जाने की परमिशन नहीं दी। इसके बाद ICC ने एक ईमेल भेजकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को अपना फैसला बता दिया है। अब ICC ने बांग्लादेश को हटाकर इस ग्रुप में स्कॉटलैंड को रख दिया है।
स्कॉटलैंड को ICC टी20 टीम रैंकिंग के आधार पर वर्ल्ड कप में जगह मिली है। अब तक 9 टी20 वर्ल्ड कप सीजन हुए हैं, जिसमें से स्कॉटलैंड 6 सीजन (2007, 2009, 2016, 2021, 2022, और 2024) खेले हैं।
7 फरवरी को वर्ल्ड कप का आगाज होगा
इससे साफ है कि बांग्लादेश टीम को जो मैच खेलने थे, अब वो स्कॉटलैंड की टीम खेलेगी। शेड्यूल में बस यही बदलाव हुए हैं। टाइम और डेट समेत बाकी सभी चीजें वैसी ही हैं। टूर्नामेंट का आगाज 7 फरवरी को होगा, जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा।
दरअसल, इस बार यह टी20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा है। पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगी। बांग्लादेश ने भी सुरक्षा कारणों से भारत आने से इनकार कर दिया था। उसने कहा था कि उसके मैच श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाएं।
तीन मैच कोलकाता में खेले जाएंगे
ICC ने यह मांग नहीं मानी तो बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। ऐसे में ICC ने उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड मैच खेलेगी। उसका पहला ग्रुप मुकाबला 7 फरवरी को वेस्टइंडीज से होगा।
इसके बाद 9 फरवरी को इटली, 14 फरवरी को इंग्लैंड और 17 फरवरी को नेपाल से मैच होगा। शुरुआती तीनों मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाने हैं। जबकि चौथा मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।

