भारत में T20I वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा बांग्लादेश: कहा- वहां प्लेयर्स सेफ नहीं, किसी और देश में शिफ्ट करें मैच
Published: Updated:
2 min read

T20I वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश का पहला मैच वेस्टइंडीज से 7 फरवरी को होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि उनकी टीम भारत में T20I वर्ल्ड कप खेलने नहीं जाएगी। ICC के साथ हुई अहम बैठक में बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपना रुख दोहराया। यह मामला अब दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव का कारण बनता जा रहा है।
वीडियो कॉन्फ्रेंस से मीटिंग
BCB ने कहा है कि वह अपनी मेंस क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत नहीं भेजेगा। यह टूर्नामेंट इंडिया और श्रीलंका में 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक खेला जाना तय है। इस मुद्दे पर मंगलवार को BCB और ICC के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अहम मीटिंग हुई।

बांगलादेश जिद पर अड़ा
बैठक में BCB के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम, उपाध्यक्ष शकावत हुसैन और फारूक अहमद, क्रिकेट ऑपरेशंस कमेटी के चेयरमैन नजमुल आबेदीन और CEO निजामुद्दीन चौधरी मौजूद थे। बैठक के बाद BCB ने मीडिया को जानकारी दी।
मीटिंग के दौरान BCB ने दोबारा कहा कि भारत में अपने खिलाड़ियों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर उन्हें गंभीर चिंता है। इसी वजह से बांग्लादेश की टीम भारत में मैच खेलने नहीं जा सकती। BCB ने ICC से कहा कि बांग्लादेश के सभी मैच भारत के बाहर किसी दूसरे देश में कराए जाएं, ताकि खिलाड़ियों की सुरक्षा हो सके।
शेड्यूल और मैचों की जगह फिक्स
ICC ने इस पर कहा- वर्ल्ड कप 2026 का पूरा शेड्यूल और मैचों की जगह पहले ही तय हो चुकी है। ICC ने बांग्लादेश से अपने फैसले पर फिर से सोचने की अपील की, लेकिन BCB अपने फैसले पर अड़ा रहा।
बोर्ड ने साफ कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा उनके लिए सबसे ऊपर है। ICC और BCB के बीच यह भी तय हुआ कि आने वाले समय में इस मुद्दे पर बातचीत जारी रहेगी, ताकि कोई ऐसा समाधान निकाला जा सके जो दोनों पक्षों को मंजूर हो।

मामला कहां से शुरू हुआ
भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ता तनाव भी एक बड़ी वजह है। हाल ही में BCCI ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया था। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी उन्हें टीम से रिलीज कर दिया। इसके अलावा दोनों देशों के बीच सियासी तौर पर भी काफी तनाव है। इसका असर क्रिकेट रिलेशन्स पर भी पड़ रहा है।

