टी20 वर्ल्ड कप में वॉर्म-अप मैच शुरू: इंडिया-ए ने अमेरिका को हराया, जगदीसन की सेंचुरी, बिश्नोई को 3 विकेट
Published: Updated:
2 min read

टी20 वर्ल्ड कप टीम में शामिल तिलक वर्मा ने 24 बॉल पर 38 रन की पारी खेली। इसके अलावा बॉलिंग भी की और एक विकेट लिया। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी को होगा। हालांकि वॉर्म-अप मैचों का आगाज हो गया है। सोमवार (2 फरवरी) को अमेरिका ने इंडिया-ए टीम के खिलाफ प्रैक्टिस मैच खेला। इस मैच को इंडिया ने 38 रन से जीत लिया।
इस मैच के हीरो एन जगदीसन रहे, जिन्होंने शतकीय पारी खेली। बॉलिंग में स्पिनर रवि बिश्नोई का शानदार प्रदर्शन रहा। उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए।
तिलक वर्मा के 24 बॉल पर 38 रन
मैच में अमेरिकी कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। जवाब में इंडिया की ए टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 238 रन बनाए। जगदीसन ने 55 बॉल पर 104 रनों की पारी खेली। इस दौरान 5 छक्के और 11 चौके लगाए। कप्तान आयुष बदोनी ने 26 बॉल पर 60 रन बनाए।
उनके अलावा तिलक वर्मा ने 24 बॉल पर 38 और प्रियांश आर्य ने 13 बॉल पर 28 रन बनाए। तिलक वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा हैं। वे चोट से ठीक होकर लौटे हैं। तिलक को अपनी फिटनेस साबित करनी है।
बॉलिंग में तिलक ने 1 विकेट भी लिया
239 रन के टारगेट के जवाब में अमेरिकी टीम ने 200 रन बनाए। इस तरह 38 रन से मैच गंवा दिया। अमेरिका के लिए ओपनर एंड्रीस गूस ने 31 बॉल पर 44 रनों की पारी खेली। संजय कृष्णामूर्ति ने 18 बॉल पर 41 रन बनाए।
आखिर में शुभम रंजने ने 28, हरमीत सिंह ने 25 और मोहम्मद मोहसिन ने 21 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए बिश्नोई ने 3 विकेट लिए। नमन धीर और खलील अहमद ने 2-2 विकेट लिए। 1-1 सफलता अशोक शर्मा, तिलक वर्मा और आयुष बदोनी को मिली।

