टी20 वर्ल्ड कप विवाद पर श्रीलंका ने तोड़ी चुप्पी: सेक्रेटरी दिसानायके बोले- सभी देश हमारे दोस्त; इस मामले में नहीं पड़ना
Published:
3 min read

श्रीलंका इस वर्ल्ड कप में कुल 55 में से 20 मैचों की मेजबानी करेगा। इनमें सुपर 8 के छह मुकाबले भी शामिल हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क.2026 के टी20 वर्ल्ड कप से पहले क्रिकेट की दुनिया में काफी हलचल है। भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश से जुड़े कुछ विवादों के कारण माहौल गरमाया हुआ है। इसी बीच श्रीलंका क्रिकेट ने साफ कहा है कि वह इस पूरे मामले में किसी एक का पक्ष नहीं लेगा। श्रीलंका का कहना है कि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश – तीनों उसके दोस्त देश हैं, इसलिए वह विवाद से दूर रहना चाहता है।
श्रीलंका क्रिकेट के सेक्रेटरी बंदुला दिसानायके ने कहा है कि उनका बोर्ड जानबूझकर इस पूरे विवाद पर चुप रहा। भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच जो भी मतभेद चल रहे हैं, उसमें श्रीलंका खुद को नहीं घसीटना चाहता। उनके मुताबिक- ये तीनों देश श्रीलंका के अच्छे दोस्त हैं और किसी के खिलाफ बयान देना सही नहीं होगा।
स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया
दरअसल 2026 टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के बीच बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया। वजह यह रही कि बांग्लादेश ने भारत जाने से मना कर दिया। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने सभी मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी। ICC ने उनकी मांग ठुकरा दी। इसके बाद बांग्लादेश बाहर हो गया। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया।
इस पूरे मामले में एक और बड़ा मोड़ तब आया, जब पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में टूर्नामेंट से हटने की बात की। हालांकि बाद में हालात थोड़े सुधरे और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का ऐलान भी कर दिया। अब पाकिस्तान के मैच भारत में नहीं, बल्कि श्रीलंका में खेले जाएंगे।

ICC और पाकिस्तान के बीच पहले से एक समझौता है, जो 2027 तक लागू है। इसके तहत, अगर कोई टूर्नामेंट भारत में होगा तो पाकिस्तान अपने मैच किसी न्यूट्रल देश में खेलेगा। इसी वजह से इस टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में रखे गए हैं।
)
श्रीलंका 20 मैच होस्ट करेगा
श्रीलंका इस वर्ल्ड कप में कुल 55 में से 20 मैचों की मेजबानी करेगा। इनमें सुपर 8 के छह मुकाबले भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा चर्चा वाला मैच भारत और पाकिस्तान के बीच होगा, जो 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। इस मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।

भारत-पाकिस्तान मैच की खास तैयारी
वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए श्रीलंका ने अपने स्टेडियम भी अपग्रेड किए हैं। कोलंबो के सिंगलीज स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में नई फ्लडलाइट्स लगाई गई हैं, ताकि मैच बेहतर तरीके से कराए जा सकें।
सुरक्षा को लेकर भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। खासतौर पर भारत-पाकिस्तान मैच को “सबसे ज्यादा प्राथमिकता” दी गई है। श्रीलंका के खेल मंत्री सुनील कुमारा गमागे ने कहा कि इस मुकाबले पर खास नजर रखी जा रही है और सुरक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

