आखिरी ओवर में 5 छक्के नहीं खाता: अक्षर बोले- मैंने तैयारी कर ली थी; आखिरी ओवर शिवम को मिला, भारत जीता
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। मैच के बाद अक्षर पटेल ने कहा - मैं आखिरी ओवर करने के लिए पूरी तरह तैयार था। मुझे पता था मैं 5 छक्के नहीं खाऊंगा।
दरअसल, इंग्लैंड को जीतने के लिए आखिरी ओवर में 30 रन चाहिए थे। अक्षर पटेल का एक ओवर बाकी था। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह के ओवर पूरे हो गए थे। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शिवम दुबे को गेंद थमाई। मीडियम पेसर दुबे ने दबाव में अच्छी बॉलिंग की।

जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली बॉल पर हैरी ब्रूक को आउट किया था। अक्षर पटेल ने शानदार कैच लिया। (@BCCI)
कैप्टन ने मुझे बॉल नहीं दी..
टीम इंडिया के बापू (निकनेम) यानी अक्षर ने मजाकिया अंदाज में कहा- मैं लॉन्ग ऑफ पर फील्डिंग करते समय बॉलिंग की प्रैक्टिस कर रहा था। 30 रन बहुत ज्यादा थे। मुझे भरोसा था मैं 5 छक्के तो नहीं खाऊंगा। अगर कप्तान कहते तो मैं जरूर बॉलिंग करता।

अर्शदीप सिंह ने विल जैक्स को पवेलियन भेजा। बाउंड्री पर अक्षर पटेल ने कैच लेकर बॉल तुरंत शिवम दुबे की ओर फेंकी। इस तरह दूसरी बार में शिवम ने कैच पकड़ा। (@BCCI)
शिवम दुबे के साथ मिलकर शानदार कैच लिया
इस जीत में अक्षर पटेल की फील्डिंग ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंंने शिवम दुबे के साथ मिलकर एक शानदार और मैच विनिंग कैच लिया। इस कैच ने इंग्लैंड की स्ट्रांग पार्टनरशिप को तोड़ा।
असल में, विल जैक्स और जैकब बेथेल इंग्लैंड को मैच में वापस ला रहे थे। दोनों बैटर्स ने सिर्फ 39 गेंद में 77 रन की पार्टनरशिप कर ली थी। अर्शदीप सिंह ने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर लो फुल टॉस फेंकी। जैक्स ने एक जोरदार शॉट खेला।
ऐसा लगा कि बॉल छक्के के लिए जा रही है। तभी, अक्षर पटेल, डीप एक्स्ट्रा कवर की बाउंड्री से डीप पॉइंट की ओर दौड़ते हुए बॉल को कैच किया। इस दौरान वे अपना बैलेंस खो बैठे। यहां शिवम दुबे भी मौजूद थे। तभी अक्षर ने तुरंत बॉल को शिवम की ओर उछाला और वे बाउंड्री के पार जा गिरे।
हालांकि इस दौरान शिवम ने बाउंड्री के अंदर बॉल कैच कर ली थी। ऐसे में दोनों ने मिलकर विल जैक्स को पवेलियन भेजा। यह विकेट टीम इंडिया के लिए मैच विनिंग साबित हुआ। विल जैक्स 20 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हो गए। इंग्लैंड की सबसे खतरनाक पार्टनरशिप टूट गई।
VIDEO देखें
आखिरी ओवर्स इंडियन बॉलर्स के नाम
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 253 रन बनाए। संजू सैमसन ने 42 गेंद में 89 रन की पारी खेली। 254 रन के टारगेट के जवाब में इंग्लैंड की टीम 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी। इस तरह 7 रन से इंडिया ने मैच जीत लिया। इंग्लैंड के लिए जैकब बेथेल ने 48 बॉल में 105 रन की पारी खेली।

स्पिनर अक्षर पटेल ने टॉम बैंटन को क्लीन बोल्ड किया था। (@BCCI)
8 मार्च को अहमदाबाद में फाइनल
T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। यह फाइनल शाम 7 बजे से शुरू होगा।

