तिरुवनंतपुरम के बेटे पर नाज: थरूर बोले- थैंक्स गंभीर, उसे तो बस एक मौके की तलाश थी; केरल के लोगों ने कहा- LOVE U CHETTA
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। उसने अपने आखिरी सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया। यह मैच रविवार (1 मार्च) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया। मैच के हीरो ओपनर संजू सैमसन रहे। उन्होंने 50 गेंद में 97 रन की नाबाद पारी खेली।
हर तरफ संजू की चर्चा हो रही है। तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने उनकी तारीफ करते हुए पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- तिरुवनंतपुरम के बेटे पर गर्व है। मलयालम मीडिया ने लिखा- LOVE YOU CHETTA....
केरल में मलयालम बोली जाती है। प्यार से वहां संजू को चेट्टा कहा जाता है। इसका अर्थ होता है बड़ा भाई। टीम इंडिया में भी अपने इस शालीन, सभ्य लेकिन शर्मीले स्टार को चेट्टा नाम से पुकारा जाता है।
तुम पर गर्व है
थरूर ने लिखा- टीम से संजू के कई बार बाहर होने से मैं दुखी था, लेकिन आज उसने दुनिया को दिखा दिया कि वो टीम में जगह का हकदार था। उन्होंने आगे लिखा -तिरुवनंतपुरम के इस बेटे पर गर्व है। वह भारत का गौरव है।
पोस्ट देखें :
थैंक्यू गंभीर
कांग्रेस सांसद ने दूसरे पोस्ट में लिखा- थैंक्स, गौतम गंभीर। आपने हमारे संजू सैमसन पर भरोसा बनाए रखा।
मैच विनिंग पारी खेली
संजू ने इस पारी में 12 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्होंने रन चेज में 97 रन बनाकर विराट कोहली के 82 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह T20 वर्ल्ड कप में रन चेज में किसी भारतीय का सबसे बड़ा स्कोर है। यह पारी टूर्नामेंट में किसी भारतीय की दूसरी सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुरेश रैना ने 101 रन बनाए थे।
इंग्लैंड से मुकाबला
इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम है। उसका मुकाबला इंग्लैंड से होगा। यह दूसरा सेमी 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच 4 मार्च को कोलकाता में होगा।

