कोच हेसन-पाकिस्तान कप्तान की बहस : सलमान ने पानी की बोतल फेंकी; भारत से हार और नामीबिया पर जीत के बाद भी वही कहानी
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप में नामीबिया के खिलाफ मैच के दौरान पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा और हेड कोच माइक हेसन के बीच तीखी बहस की खबर सामने आई। टीवी कैमरों ने आगा को गुस्से में पानी की बोतल फेंकते हुए देखा। हालांकि ड्रेसिंग रूम में क्या हुआ, यह साफ नहीं है। खास बात ये है कि भारत के खिलाफ हार के बाद भी पाकिस्तान के कप्तान और कोच माइक हेसन के बीच विवाद की खबर आई थी और इसे पाकिस्तान के टीवी चैनल ‘समा न्यूज’ ने चलाया भी था। बहरहाल, पाकिस्तान क्रिकेट में ऐसे विवाद कोई नई बात नहीं हैं।
सलमान और कोच हेसन के बीच क्या हुआ
नामीबिया के खिलाफ मैच के दौरान सलमान आगा और कोच माइक हेसन के बीच बहस की बात सामने आई। कैमरों ने आगा को गुस्से में पानी की बोतल फेंकते हुए दिखाया। हालांकि असल में क्या कहा गया, यह किसी को ठीक से पता नहीं।लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास को देखें तो यह घटना बहुत बड़ी नहीं मानी जाएगी। पहले भी टीम के अंदर कई बड़े विवाद हो चुके हैं। कभी कप्तान के खिलाफ खिलाड़ियों ने बगावत कर दी थी, तो कभी बड़े खिलाड़ियों के बीच झगड़े खुलेआम सामने आए।
1992 के बाद माहौल बिगड़ा
1992 वर्ल्ड कप जीत के समय इमरान खान की कप्तानी में टीम एकजुट दिखी थी। हालांकि, इसके बाद अक्सर टीम में खींचतान की खबरें आती रहीं। पहले पाकिस्तान के पास ऐसे खिलाड़ी होते थे जो अकेले दम पर मैच जिता देते थे। 80 और 90 के दशक में टीम में कई खिलाड़ी थे।
पिछले कुछ साल में टीम कमजोर होती गई और शख्सियतें हावी होती गईं। बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी जैसे खिलाड़ियों के करियर भी अब उतने चमकदार दौर में नहीं दिख रहे। इनके बीच कप्तानी को लेकर विवाद तो जगजाहिर है।
हर फैसले पर सवाल
मौजूदा टीम में ऐसा कोई बड़ा मैच विनर नजर नहीं आता जिस पर मुश्किल समय में भरोसा किया जा सके।भारत के खिलाफ मैच में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला भी सवालों में रहा। माना जा रहा है कि अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता और 160-170 रन बना लेता तो मुकाबला टक्कर का हो सकता था। लेकिन भारत ने 170 से ज्यादा रन बना दिए। अब तक टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने अमेरिका और नामीबिया को ही हराया है। नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत भी आसान नहीं रही। भारत के खिलाफ तो पाकिस्तान टीम मुकाबले से ही बाहर दिखी।
शादाब खान का बयान
नामीबिया पर जीत के बाद ऑलराउंडर शादाब खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आलोचकों को जवाब दिया। कहा- पाकिस्तान ने 2021 वर्ल्ड कप में भारत को हराया था। हालांकि सच यह भी है कि 2024 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ग्रुप स्टेज से बाहर हो गया था।

टीम में ग्रुपिंग और दामाद कल्चर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम में तीन ग्रुप हैं। एक कप्तान सलमान अली आगा का है। दूसरा- बाबर आजम का है और तीसरा- शादाब खान का है। मजे की बात यह है कि इनमें से दो पाकिस्तान के दो पूर्व कप्तानों के दामाद हैं। शाहीन के ससुर शाहिद अफरीदी हैं तो शादाब की शादी सकलैन मुश्ताक की बेटी से हुई है। बाबर आजम की लॉबी फिलहाल कमजोर हुई है, क्योंकि वो खुद परफॉर्म नहीं कर पा रहे हैं।


