फैसला जल्दी करें, हमें टिकट करवानी हैं: आइसलैंड ने टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर PAK टीम को ट्रोल किया, कहा- हम तैयार हैं
Published:
3 min read

पाकिस्तान ने अभी तक फैसला नहीं किया है कि वह वर्ल्ड कप खेलेगी या नहीं। इसी बीच आइसलैंड क्रिकेट ने पाकिस्तान को ट्रोल किया।
स्पोर्ट्स डेस्क. T20I वर्ल्ड कप 2026 को लेकर चल रहे विवाद के बीच आइसलैंड क्रिकेट ने पाकिस्तान को ट्रोल किया। आइसलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्ट शेयर किया। इसमें कहा कि अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हट जाता है तो वे उसकी जगह लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश को बाहर करने के ICC के फैसले की आलोचना की थी। उन्होंने बांग्लादेश के सपोर्ट में वर्ल्ड कप से हटने की धमकी भी दी थी। इसके अलावा नकवी ने कहा था - बांग्लादेश को भी वही छूट मिलनी चाहिए जो भारत में होने वाले ICC टूर्नामेंट में पाकिस्तान को मिलती है। हमारी टीम अपने मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलती है।
आइसलैंड का वायरल पोस्ट
इस बीच आइसलैंड क्रिकेट ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा - पाकिस्तान को जल्द ही फैसला लेना चाहिए ताकि जरूरत पड़ने पर हमारी टीम समय पर कोलंबो पहुंच सके। हमारे ओपनिंग बल्लेबाज को नींद भी नहीं आती। साथ ही केफ्लाविक से कोलंबो की अपनी फ्लाइट टिकट एक फोटो भी शेयर की।
पोस्ट देखें
पाकिस्तान सरकार के फैसले का इंतजार
बता दें PCB चीफ ने साफ कहा था कि पाकिस्तान के वर्ल्ड कप में खेलने या न खेलने पर आखिरी फैसला सरकार लेगी। इसी सिलसिले में उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से सोमवार रात (26 जनवरी) मुलाकात भी की थी। नकवी के मुताबिक- प्रधानमंत्री ने सभी विकल्प खुले रखने को कहा है। आखिरी फैसला एक हफ्ते के अंदर आ सकता है।
बॉयकॉट की धमकी के बीच टीम का ऐलान
हैरानी की बात है कि बहिष्कार की धमकी देने के बावजूद पाकिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में मोहम्मद रिजवान और हारिस रऊफ को जगह नहीं मिली है। वहीं बाबर आजम की वापसी हुई है।

पाकिस्तान के सभी मैच कोलंबो में
T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका के कोलंबो में खेलेगा। भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होना तय है। दोनों टीमें ग्रुप A में शामिल हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान टीम:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारीक।

