मियां रेडी हो जा, बैग पैक कर ले: सिराज बोले- सूर्या भाई के फोन से प्लान बदला, मैड्रिड जाने की थी तैयारी...
Published: Updated:
3 min read

USA के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने शनिवार (7 फरवरी) को T20 वर्ल्ड कप 2026 का अपना पहला मैच USA के खिलाफ खेला। टीम 29 रनों से जीत गई। पेसर मोहम्मद सिराज के लिए T20 वर्ल्ड कप 2026 किसी सपने के सच होने से कम नहीं है। उन्हें पहले वर्ल्ड कप टीम में चुना ही नहीं गया था। इसके चलते सिराज ने अपने पसंदीदा फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड का मैच देखने जाने का प्लान बनाया। तभी कप्तान सूर्यकुमार यादव का फोन आया। फिर पूरी कहानी बदल गई…..जानिए कैसे
सूर्या भाई मजाक मत करो..
फरवरी में क्या प्लान था? इस पर सिराज ने कहा- मैं रणजी ट्रॉफी खेलकर लौटा था। परिवार के साथ समय बिता रहा था। मेरा प्लान 15 फरवरी को रियल मैड्रिड का मैच देखने का था। उसके बाद रमजान भी था।
उन्होंने कहा- इसी दौरान अचानक सूर्या भाई का फोन आया। उन्होंने कहा…मियां रेडी हो जा, बैग पैक कर ले। पहले तो मुझे लगा वह मजाक कर रहा है। मैंने उससे कहा कि मजाक मत करो।
इसके बाद प्रज्ञान ओझा भाई का कॉल आया। तब मुझे समझ आया कि यह सच है। फ्लाइट में बैठा तो ऐसा लग रहा था जैसे कोई सपना देख रहा हूं। मुझे लग रहा था कि शायद मैं वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं बन पाऊंगा। भगवान ने कुछ और ही लिख रखा था।
वर्ल्ड कप को हल्के में नहीं ले सकते..
सिराज ने कहा - जब मुझे मैच खेलने का मैसेज मिला तो मैं बहुत खुश था। मुझे पता था कि नई गेंद से बैटिंग आसान नहीं होगी। मेरा फोकस सही लाइन और लेंथ पर बॉलिंग करने का था। ये वर्ल्ड कप है। बिना तैयारी के यहां कुछ नहीं हो सकता, इसलिए मैंने अपनी तैयारी की।
पिच थोड़ी धीमी थी। हमें लगा कि 170 का स्कोर अच्छा था। मैच में सब कुछ प्लान के हिसाब से हुआ। रणजी ट्रॉफी के बाद मैं जाकर रियल मैड्रिड का मैच देखने का प्लान बना रहा था। अब वे प्लान टाल दिए गए। जो हुआ ऊपर वाले की मर्जी थी।
15 फरवरी को फुटबॉल मैच देखने का प्लान था
दरअसल, इस समय स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा खेली जा रही है। 15 फरवरी को रियल मैड्रिड और रियल सोसिदाद का मैच स्पेन की राजधानी मैड्रिड में ही होने वाला है। सिराज ने यही मैच देखने का प्लान बनाया था।
29 रन देकर 3 विकेट
भारत vs यूएसए के मैच में सिराज ने सिर्फ 29 रन देकर 3 विकेट लिए। मैच के बाद उन्होंने कहा कि फ्लाइट में बैठते समय भी यकीन नहीं हो रहा था कि वे वर्ल्ड कप खेल रहे हैं।
हर्षित राणा की जगह मौका
पेसर हर्षित राणा इंजरी के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए। इसके बाद सिराज को टीम में शामिल किया गया। वे जुलाई 2024 से T20 टीम से बाहर थे। इसलिए यह मौका उनके लिए बहुत खास था।

