टॉस जीतना ट्रॉफी जीतने की गारंटी: T20 WC फाइनल में टॉस जीतने वाली टीम 9 में से 8 बार खिताब जीती, यहां दिलचस्प रिकॉर्ड
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में एंट्री कर ली है। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराया। अब फाइनल 8 मार्च को भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा।
टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल का इतिहास काफी रोचक रहा है। इस खिताबी मुकाबले में अब तक टॉस जीतना ही ट्रॉफी जीतने की गारंटी माना गया है। अब तक 9 फाइनल खेले गए। खास बात यह है कि 9 में से 8 बार टॉस जीतने वाली टीम ने ही खिताब भी जीता।
टॉस हारकर, ट्रॉफी किसने जीती
सिर्फ एक बार ही ऐसा हुआ है, जब टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में टॉस हारने वाली टीम ने खिताब जीता है। यह 2009 में हुआ था। यह दूसरा ही सीजन था। तब श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 139 रन का टारगेट दिया था।
जवाब में पाकिस्तान टीम ने 18.4 ओवर में ही 2 विकेट गंवाकर 139 रन बनाते हुए फाइनल जीत लिया। यह फाइनल लॉर्ड्स में हुआ था। इसके बाद से टॉस जीतने वाली टीम ही खिताब जीतती आई है।

इन 3 टीम ने 2-2 बार खिताब जीता
भारतीय टीम ने दो बार 2007 और 2024 में खिताब जीता। दोनों बार टीम ने टॉस जीता था। 2007 में विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी कप्तान थे। जबकि 2024 में हिटमैन रोहित शर्मा ने टीम इंडिया की कमान संभाली थी।
भारतीय टीम के अलावा इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने भी 2-2 बार खिताब अपने नाम किए हैं। इनके अलावा पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया ने 1-1 बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती है।
अहमदाबाद में टॉस का क्या रिकॉर्ड
इस बार फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां टॉस का रिकॉर्ड भी एकदम क्लियर है। अब तक इस स्टेडियम में 14 टी20 इंटरनेशनल मैच हुए। इस दौरान टॉस जीतने वाली टीम 8 बार मैच जीती है।
पांच ही बार ऐसा हुआ है, जब टॉस जीतने वाली टीम मैच अपने नाम नहीं कर सकी। एक मैच टाई रहा था, जिसमें 2 सुपर ओवर हुए थे। इसमें पहले बैटिंग करने वाली साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को हराया था। यह मैच इसी वर्ल्ड कप में हुआ था।

इंडिया और न्यूजीलैंड के स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।
न्यूजीलैंड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवॉन कॉन्वे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जेमिसन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट और ईश सोढ़ी।

