रहमान कंट्रोवर्सी के बाद बांग्लादेश का फरमान: भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से मना किया; BCCI का जवाब- सभी मैच इंडिया में ही होंगे
Published: Updated:
3 min read

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC को लेटर लिखा, जिसमें टी20 वर्ल्ड कप के अपने सभी मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 सीजन से बाहर कर दिया है। रहमान को ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने खरीदा था। इस मामले के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए भारत में T20I वर्ल्ड कप 2026 के मैच खेेलने से मना कर दिया है। इस पर BCCI का कहना है कि वेन्यू बदलना पॉसिबल नहीं है। मैच भारत में ही होंगे।
बांग्लादेश के खेल मंत्री आसिफ नजरुल ने कहा कि BCB इस पूरे मामले में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को लेटर लिखेगा, जिसमें T20I वर्ल्ड कप के अपने सभी मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग करेगा।
वेन्यू बदलना पॉसिबल नहीं है
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, BCCI ने कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने में सिर्फ 1 महीना बचा है। इसलिए वेन्यू बदलना लगभग नामुमकिन है। किसी की मर्जी के हिसाब से मैच रीशेड्यूल नहीं किए जा सकते। लॉजिस्टिक्स एक बड़ी चुनौती है। विरोधी टीमों के लिए फ्लाइट टिकट और होटल पहले ही बुक हो चुके हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर एक भी मैच श्रीलंका शिफ्ट किया जाता है तो ब्रॉडकास्टिंग और ऑर्गनाइजेशन के इंतजाम पूरी तरह से गड़बड़ा जाएंगे। इसलिए ये करना बहुत मुश्किल है।
बांग्लादेश टीम के 4 लीग मैच वेस्ट इंडीज (7 फरवरी), इटली (9 फरवरी) और इंग्लैंड (14 फरवरी ) के खिलाफ कोलकाता में खेले जाएंगे। इसके बाद नेपाल (17 फरवरी) के खिलाफ आखिरी लीग मैच मुंबई में होगा।
बांग्लादेशी खेल मंत्री का बयान
बांग्लादेश के खेल मंत्री डॉ. आसिफ नजरुल ने रहमान को IPL से बाहर करने के BCCI के फैसले पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी तेज गेंदबाज को टीम से बाहर करना गलत है। मंत्री का दावा है कि इस फैसले के पीछे सांप्रदायिक सोच से जुड़े ग्रुप का दबाव रहा है।
डॉ. नजरुल ने बताया कि उन्होंने BCB को ICC को पूरे मामले की जानकारी देने और लेटर लिखने के निर्देश दिए हैं। यदि किसी बांग्लादेशी खिलाड़ी को भारत में खेलने की अनुमति नहीं मिलती, तो इसका मतलब है कि पूरी बांग्लादेशी टीम के लिए सुरक्षा का मामला उठता है।
ऐसे में मंत्री ने टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में शिफ्ट कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में IPL के मैच भी लाइव ब्रॉडकास्ट नहीं किए जाएंगे।
रहमान IPL नहीं खेलेगें
BCCI ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन से बाहर करने को कहा था। रहमान को ऑक्शन में KKR ने खरीदा था। शाहरुख खान KKR टीम के को-ऑनर हैं। ऐसे में शाहरुख की भी आलोचना हो रही है। शाहरुख के खिलाफ फतवा भी जारी हो गया था।
रहमान के लिए 3 टीमों ने बोली लगाई थी
16 दिसंबर 2025 को IPL ऑक्शन हुआ था। इसमें कोलकाता ने रहमान को 9 करोड़ 20 लाख रुपए की बोली लगाकर खरीदा था। रहमान की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए थी।
टेक्निकली ऑक्शन प्रॉसेस को देखें तो रहमान के लिए पहली बोली दिल्ली कैपिटल्स ने लगाई थी। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने दूसरी बोली लगाई। दिल्ली ने आखिरी बोली 5.20 करोड़ की लगाई थी। आखिर में KKR की एंट्री हुई। चेन्नई ने हाथ पीछे खींच लिए और कोलकाता ने रहमान को खरीद लिया।

