USA के आरोन जोन्स सस्पेंड: पूर्व कप्तान पर मैच फिक्सिंग के आरोप; टी20 वर्ल्ड कप में पहला मैच भारत से 7 फरवरी को
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. T20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले ICC ने USA के बल्लेबाज और पूर्व कप्तान आरोन जोन्स को भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग के आरोपों में सस्पेंड कर दिया है। इसका असर भारत बनाम USA मैच पर भी पड़ सकता है।
मैच से पहले USA कमजोर
टीम इंडिया अपने वर्ल्ड कप सफर की शुरुआत USA के खिलाफ 7 फरवरी को करने जा रही है। ऐसे में जोन्स का सस्पेंशन USA के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। जोन्स टीम के सबसे अनुभवी और भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक रहे हैं।ICC के इस फैसले के बाद अब वह भारत के खिलाफ पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। इससे USA की टीम कमजोर हो जाएगी। जोन्स पर मैच फिक्सिंग, गलत तरीके से खेलने और जांच में सहयोग न करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। ICC का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक खिलाड़ी तक सीमित नहीं है और आगे चलकर और लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

5 आरोप जांच का हिस्सा
जोन्स पर पांच आरोप लगाए गए हैं। 3आरोप क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) के एंटी-करप्शन नियमों के तहत हैं। दो आरोप ICC के एंटी-करप्शन कोड से जुड़े हैं। ज्यादातर आरोप 2023–24 के Bim10 टूर्नामेंट से जुड़े बताए जा रहे हैं।

ICC का बयान
ICC ने कहा है कि आरोन जोन्स को 28 जनवरी 2026 से 14 दिन का समय दिया गया है। इस दौरान वो अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दे सकते हैं। जब तक यह मामला खत्म नहीं होता, तब तक वह किसी भी तरह की क्रिकेट नहीं खेल सकते।
USA मुश्किल में
जोन्स USA टीम के अहम खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 2024 T20 वर्ल्ड कप में USA की कप्तानी भी की थी। उसी टूर्नामेंट में उन्होंने कनाडा के खिलाफ 94 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई।

