रोहित ही बुमराह की बॉलिंग को सही यूज करते थे: कैफ ने कहा- सूर्या ऐसा नहीं कर सके, जसप्रीत के दो ओवर पावरप्ले में करवाना गलत
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में अपना पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला, जिसमें उसे 76 रन से हार मिली। इसके बाद भारतीय कप्तानी और खासकर जसप्रीत बुमराह के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा कि रोहित शर्मा कभी भी बुमराह का इस तरह इस्तेमाल नहीं करते थे। उनका मानना है कि मैच 7वें से 15वें ओवर के बीच हाथ से निकल गया।
इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने पावर-प्ले में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने दो ओवर में अफ्रीका के बैटर क्विंटन डि'कॉक और रेयान रिकेल्टन को आउट कर दिया था। इसके बाद बुमराह को सीधा 17वें ओवर में दोबारा अटैक पर लाया गया, तब तक मैच भारत के हाथ से निकल चुका था।
बुमराह को कब ओवर देना
मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- भारत की हार 7वें से 15वें ओवर के बीच तय हो गई थी। उस समय डेविड मिलर और डेवॉल्ड ब्रेविस की जोड़ी जम चुकी थी और उन्होंने तेजी से रन बनाए। उस समय बुमराह को एक ओवर देना चाहिए था ताकि साझेदारी तोड़ी जा सके।
रोहित शर्मा कभी भी बुमराह के दो ओवर पावर-प्ले में डालकर उन्हें इतने लंबे समय तक दूर नहीं रखते थे। रोहित अक्सर बुमराह को बीच के ओवर में लाकर बड़ी साझेदारी तुड़वाते थे। कैफ के मुताबिक- टीम में बुमराह से बड़ा मैच विनर कोई नहीं है, इसलिए उनका सही समय पर इस्तेमाल बहुत जरूरी है।
12 मैच बाद हारा इंडिया
इस मैच में बुमराह और अर्शदीप सिंह को छोड़कर बाकी सभी भारतीय गेंदबाजों ने बहुत रन दिए। साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने खुलकर रन बनाए और भारतीय गेंदबाजी पर दबाव बनाए रखा। 17वें ओवर तक अफ्रीका का स्कोर 152 रन पर 5 विकेट था और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर मजबूती से डटे हुए थे।
आखिर में अफ्रीका ने 76 रन से मैच जीतकर टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की लगातार 12 मैच की जीत को ब्रेक कर दिया।
2019 में 80 रन से हार मिली
टी20 इंटरनेशनल में रन के हिसाब से यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले 2019 में न्यूजीलैंड ने वेलिंग्टन में भारत को 80 रन से हराया था। वहीं टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह भारत की सबसे बड़ी हार बन गई। इस हार के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है।


